heat-breaking-in-march-mercury-reaches-32-degrees
heat-breaking-in-march-mercury-reaches-32-degrees

मार्च में गर्मी तोड़ रही पुराने रिकॉर्ड, पारा पहुंचा 32 डिग्री के पार

कोलकाता, 03 मार्च (हि. स.)। सुबह के समय में कोहरा व ठंड रह रही है लेकिन दिन चढ़ने के साथ धीरे-धीरे तापमान बढ़ता जा रहा है। यह परिस्थिति केवल कोलकाता ही नहीं पूरे दक्षिण बंगाल के सभी जिलों की है। मौसम विभाग ने पहले ही संभावना जताई है कि इस बार गर्मी कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ेगी। मार्च के शुरू से ही महानगर व उपनगरीय इलाकों का तापमान 27-28 डिग्री से एक झटके में बढ़कर 30 डिग्री के पार पहुंच गया। बुधवार को महानगर का सर्वाधिक तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री अधिक ही रहा। मार्च माह में महानगर में सर्वाधिक 41 डिग्री का रिकॉर्ड रहा है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अतीत के उस रिकॉर्ड को भी मार्च माह पार कर लेगा। उत्तर-पश्चिम से आने वाले जलवाष्प विहिन शुष्क हवा के कारण दक्षिण बंगाल में गर्मी का अनुभव हो रहा है। दोनों 24 परगना, मिदनापुर, मुर्शिदाबाद में सुबह से ही घना कोहरा नजर आ रहा है। किन्तु कोहरा छंटने के साथ ही तापमान में भी वृद्धि हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार दार्जिलिंग, कालिंगपोंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरदुआर और कूचबिहार में हल्की बारिश की संभावना है। इसके अलावा उत्तर बंगाल के अन्य जिलों का मौसम शुष्क बना रहेगा। दक्षिण बंगाल में बारिश होने की कोई संभावना नहीं है। हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/गंगा

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in