deadly-attack-on-bjp-candidate-in-front-of-police-station-condition-critical
deadly-attack-on-bjp-candidate-in-front-of-police-station-condition-critical

थाने के सामने भाजपा उम्मीदवार पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर

30/03/2021 कोलकाता, 30 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में चुनाव के समय राजनीतिक हिंसा का दौर जारी है। सोमवार देर रात पुलिस थाने के ठीक सामने तमलुक से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार डॉ हरे कृष्ण बेरा पर जानलेवा हमला किया गया है। आरोप है कि सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने उन्हें घेरकर बर्बर तरीके से मारा पीटा। चंद कदम की दूरी पर थाना होने के बावजूद उन्हें कोई मदद नहीं मिली। उनकी हालत गंभीर बताई गई है। उन्हें तमलूक जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है। इस घटना के खिलाफ मंगलवार को तमलुक अस्पताल मोड़ पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया है। हमले के आरोपों से इनकार करते हुए तृणमूल कांग्रेस ने कहा है कि सोमवार रात उनकी पार्टी के कार्यकर्ता को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मारा पीटा था। इसी की प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता थाने में गए थे। उसी समय उनके सामने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार आ गए थे। तृणमूल कार्यकर्ताओं के साथ आम जनता भी थी जिन्होंने उम्मीदवार को मारा पीटा है। घटना रात 1:30 बजे की है। इधर मंगलवार सुबह उन्हें देखने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष पहुंचे थे। उन्होंने कहां की पहले चरण के चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस समझ गई है कि उनकी हार तय है। इसीलिए राज्य भर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले की घटनाएं बढ़ गई हैं। उन्होंने चुनाव आयोग में घटना की शिकायत दर्ज कराई है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/मधुप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in