bomb-thrown-at-bjp-booth-president39s-house-trinamool-workers-accused
bomb-thrown-at-bjp-booth-president39s-house-trinamool-workers-accused

भाजपा के बूथ अध्यक्ष के घर फेंका बम, तृणमूल कार्यकर्ताओं पर लगा आरोप

बुदबुद, 14 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बर्दवान जिले के बुदबुद थाना अंतर्गत धरला गांव में शनिवार देर रात भाजपा कार्यकर्ता के घर पर बम फेंकने को लेकर इलाके में तनाव है। भाजपा ने इस बमबारी के लिए तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है। स्थानीय लोगों के अनुसार आऊसग्राम के दो नम्बर ब्लॉक के बुदबुद थाना अंतर्गत धरला गांव के निवासी और इलाके के 148 नंबर बूथ के अध्यक्ष सुमन्त बागदी के घर पर रात करीब 11.00 बजे बम फेंका गया।सुमन्त बागदी ने बताया कि रात में बम की आवाज सुनकर जब मैंने घर से बाहर निकलकर देखा तो बारुद का दुर्गन्ध आ रही थी। रविवार सुबह उठकर देखा कि घर के छज्जे का एजबेस्टर टूट गया है। बम धमाके के दाग़ भी दिखाई दिये। कार्यकर्ता के घर बम फेंकने की खबर फैलने के बाद स्थानीय लोगों आक्रोश दिखा। भाजपा के पूर्व बर्दवान जिले के उपाध्यक्ष रमण शर्मा ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहा है, तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उपद्रव बढ़ता जा रहा है। टीएमसी कार्यकर्ताओं ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है। फिर भी जनता ने पंचायत चुनाव से बहुत कुछ सीखा है, जिसका जवाब विधानसभा चुनाव में जनता ही देगी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची है। इस घटना के लिए भाजपा ने तृणमूल कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार बताया है। इस घटना को स्थानीय तृणमूल कांग्रेस ने झूठा बताया और भाजपा के आरोप को सिरे से खारिज कर दिया। इस मामले में टीएमसी के आऊसग्राम ब्लाक अध्यक्ष रामकृष्ण घोष ने बताया कि शनिवार रात से गांव के दो भाजपा गुटों में विवाद चल रहा था, जिसके बाद भाजपा की ओर से ही बमबारी की गई है। इसमें तृणमूल के कार्यकर्ताओं का कोई हाथ नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया और न ही हिरासत में लिया है। हिन्दुस्थान समाचार/ गंगा

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in