bengal-february-cold-breaks-record-for-last-10-years-mercury-reaches-below-11-degree
bengal-february-cold-breaks-record-for-last-10-years-mercury-reaches-below-11-degree

बंगाल : फरवरी की ठंड ने तोड़ा पिछले 10 साल का रिकॉर्ड, पारा 11 डिग्री से नीचे पहुंचा

कोलकाता, 01 फरवरी (हि.स.)। फरवरी के पहले दिन ही ठंड से पूरा बंगाल कांप रहा है। कोलकाता समेत राज्य के विभिन्न जिलों की स्थिति भी काफी खराब है। अलीपुर मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सप्ताह के पहले दिन यानी सोमवार को महानगर का तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जो सामान्य से 5 डिग्री कम है। यह पिछले 10 साल में फरवरी माह का न्यूनतम तापमान है। सोमवार को महानगर का सर्वाधिक तापमान 22.7 डिग्री सेल्सियस था, जो सामान्य से 5 डिग्री कम ही रहा। फरवरी की ठंड ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सोमवार को कोलकाता में हल्का कोहरा छाया रहा, जो दिन चढ़ने के साथ ही छंट गया। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिन तक तापमान में गिरावट जारी रहेगी। कुछ दिन पहले तक घने कोहरे के कारण पारा कुछ ऊपर चढ़ा था। किन्तु फरवरी के शुरुआत में एक बार फिर से तापमान में गिरावट दर्ज की गयी है। सोमवार को कोलकाता की आपेक्षित आद्रता सर्वाधिक 97 प्रतिशत और न्यूनतम 46 प्रतिशत रही। मौसम विभाग सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आसनसोल में पारा 7.8 डिग्री सेल्सियस, बांकुड़ा में 8.6 डिग्री सेल्सियस, बैरकपुर में तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस, बहरमपुर में तापमान 13 डिग्री, बर्दवान में तापमान 8.8 डिग्री, दमदम में तापमान 11.3 डिग्री, जलपाईगुड़ी में तापमान 7.7 डिग्री, कालींगपोंग में तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि नये साल की शुरुआत में कुछ दिनों तक तो जमकर ठंड पड़ी थी लेकिन उसके बाद घना कोहरा होने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई थी। जनवरी के पहले सप्ताह के अंत से ठंड लगभग गायब हो गयी थी। किन्तु जनवरी माह के अंतिम सप्ताह से ही ठंड ने एक बार फिर से अपना पांव पसारना शुरू कर दिया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिन तक महानगर समेत राज्य के सभी जिलों में जमकर ठंड पड़ेगी। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in