बरसात के बाद खोदी जाएं सड़केंः अम्बरीष
बरसात के बाद खोदी जाएं सड़केंः अम्बरीष

बरसात के बाद खोदी जाएं सड़केंः अम्बरीष

हरिद्वार, 24 जुलाई (हि.स.)। वरिष्ठ कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक अम्बरीष कुमार के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जामा मस्जिद तिराहे पर प्रदर्शन कर ज्वालापुर में विभिन्न योजनाओं के तहत किए जा रहे निर्माण कार्यों के लिए सड़कों की खुदाई मानसून तक स्थगित करने की मांग की है। अम्बरीष कुमार ने कहा कि विभागों के बीच आपसी तालमेल नहीं होने के कारण तय समय सीमा में निर्माण कार्य पूरे नहीं हो पा रहे हैं। निर्माण कार्यों के चलते बेतरतीब तरीके से खोदी जा रही सड़कों में बने गड्ढों की वजह रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। गड्ढों में गिरकर कई वाहन सवार चोटिल हो चुके हैं। विभागों में आपसी तालमेल व लापरवाही के चलते हरकी पैड़ी की दीवार गिर गई। गैस पाइप लाइन में आग लगने की घटना भी अधिकारियों की बड़ी लापरवाही का नतीजा है। पार्षद इसरार अहमद व अंकित चौहान ने कहा कि मुख्य बाजार होने के कारण पंचपुरी हरिद्वार व आसपास के ग्रामीण इलाकों से खरीदारी करने के लिए लोग ज्वालापुर के कटहरा बाजार पहुंचते हैं। जरा सी बरसात होने पर बाजार में पानी भर जाता है। ऐसी स्थिति में यदि सड़कों की खुदाई की गयी तो गड्ढे लोगों के लिए भारी परेशानी का कारण बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी जनप्रतिनिधियों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। एक साथ कई निर्माण कार्य प्रारम्भ कर दिए गए हैं। इससे लोगों की परेशानियां बढ़ गयी है। प्रशासन को मानसून तक सभी निर्माण कार्य स्थगित करने चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में अनिल चौहान, जफर अब्बासी, सद्दीक गाड़ा, पुनीत, छोटेलाल, डा.झांगीराम, राव फरमान, जहरूद्दीन, तासीन अंसारी, नदीम गौड़, इस्लाम अंसारी, शाहनवाज खान आदि शामिल रहे। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत/मुकुंद-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in