कैबिनेट मंत्री अरविंद पाण्डेय ने किया पिथौरागढ़ के आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा, दिया हरसंभव मदद का भरोसा
कैबिनेट मंत्री अरविंद पाण्डेय ने किया पिथौरागढ़ के आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा, दिया हरसंभव मदद का भरोसा

कैबिनेट मंत्री अरविंद पाण्डेय ने किया पिथौरागढ़ के आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा, दिया हरसंभव मदद का भरोसा

धारचूला (पिथौरागढ़), 14 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं जनपद पिथौरागढ़ के प्रभारी मंत्री अरविंद पाण्डेय आज देर शाम पिथौरागढ़ जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्र तहसील बंगापानी के राजकीय इंटर कालेज, बरम में आपदा प्रभावितों हेतु बनाए गए राहत शिविर में पंहुचे। यहां उन्होंने राहत शिविरों का निरीक्षण करने के साथ ही आपदा प्रभावितों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने आपदा में मारे गए लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए परिजनों को आश्वस्त किया कि उनकी हर संभव मदद की जाएगी। पाण्डेय ने आपदा प्रभावितों को आश्वस्त किया कि सरकार पूर्ण रूप से उनके साथ इस संकट की घड़ी में खड़ी है। उनकी हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने शिविर में आपदा प्रभावितों को प्रशासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं का भी जायजा लेते हुए उनसे जानकारी ली। उन्होंने उप जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि शिविर में रह रहे प्रत्येक बच्चे हेतु दूध की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। शिविर में रह रहे किसी भी व्यक्ति को कोई भी परेशानी न हो. इसके लिए सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित रखते हुए विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाये। उन्होंने शिविर में रह रहे प्रत्येक व्यक्ति का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ ही वर्तमान में बीमार पदम सिंह व गोविन्द वर्मा का उचित इलाज करने हेतु उप जिलाधिकारी, धारचूला को निर्देश दिए। इस दौरान मंत्री ने शिविर में लगाए गए पेयजल संयोजन से पेयजल की शुद्धता की जाँच हेतु पानी पिया तथा मौके पर उपस्थित उप जिलाधिकारी से भी कहा कि वह भी स्वयं पिएं ताकि शिविर में रह रहे लोगों को विश्वास रहे कि उन्हें जो पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है वह शुद्ध है। उन्होंने शिविर में बनाए गए शौचालयों में विद्युत, पेयजल संयोजन के साथ ही टाइल्स भी लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान मंत्री ने स्थानीय जनता से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें अवगत कराया कि प्रत्येक आपदा प्रभावित को हर संभव मदद व नुकसान का मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। निरीक्षण के दौरान ब्लाक प्रमुख धारचूला धन सिंह धामी, उप जिलाधिकारी धारचूला एके शुक्ला, पूर्व अध्यक्ष जिला पंचायत वीरेन्द्र बोहरा, भाजपा नेता रुकुम सिंह बिष्ट, गिरीश जोशी और लीला बंग्याल आदि उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/संतोष दरियाल-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in