women-fresh-on-the-fire-of-fresh-forests
women-fresh-on-the-fire-of-fresh-forests

महिलाओं के हौसले जंगलों की आग पर भारी

पौड़ी, 16 अप्रैल (हि.स.)। जंगलों की आग के सामने भले ही सरकार व वन विभाग असहाय नजर आ रहे हों, लेकिन महिलाओं के बुलंद हौसले जंगलों की आग पर भारी पड़ रहे हैं। चौथान पट्टी में महिलाएं जंगलों की आग बुझाने में विभाग का सहयोग कर रही हैं। महिलाओं की तत्परता से जंगलों की आग पर काबू पाने में वन विभाग को काफी सहूलियत मिल रही है। इन दिनों जनपद क्षेत्र में जंगल धू -धू कर जल रहे हैं। हालांकि वन विभाग जंगलों की आग पर काबू पाने के लिए पूरी तरह प्रयासरत है। कर्मियों व संसाधनों की कमी से जूझ रहे वन विभाग को चौथान पट्टी की महिलाओं का हौसला किसी संजीवनी से कम नहीं है। थलीसैंण विकासखंड के चौथान पट्टी की महिलाएं दूधातोली के जंगलों में लगी आग को बुझाने में ग्राम प्रहरियों व वन कर्मियों का पूरा सहयोग कर रही है। हेमा देवी, सुंदरी देवी, लाली देवी, नंदा देवी आदि का कहना है कि जंगल हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। जंगलों से हमारे मवेशियों को चारा मिलता है। साथ ही अधिकांश जल स्रोत भी जंगल में ही हैं। जंगलों की आग से मवेशियों के चारे का संकट तो पैदा होता ही है, पेयजल संकट भी गहराता है। हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है कि जंगलों को आग से बचाएं। कुछ लोग गलत धारणा के कारण जंगलों को आग लगा रहे हैं। इन महिलाओं का कहना है कि जंगल बचेंगे तभी मानव जाति बचेगी। जंगलों की आग बुझाने मेें बिन्दी देवी, लाली देवी, नन्दी देवी, दीपा देवी, आनन्दी देवी, गीतादेवी, पार्वती देवी,जसूली दैवी,राधा देवी, धना देवी गुन्दी देवी आदि महिलाएं सहयोग कर रही हैं। हिन्दुस्थान समाचार/राज/मुकुंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in