we-have-to-connect-with-culture-and-concerns-premchand-aggarwal
we-have-to-connect-with-culture-and-concerns-premchand-aggarwal

हमें संस्कृति और सरोकारों से जुड़ना होगा : प्रेमचंद अग्रवाल

देहरादून, 26 मार्च(हि.स.)। पंडितवाड़ी स्थित अंबावती दून वैली इंटर कॉलेज परिसर में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ मिशन के तहत हमारी संस्कृति हमारी पहचान विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी का शुभारंभ शुक्रवार को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, मुख्यमंत्री की पत्नी रश्मि त्यागी रावत, विधायक हरबंस कपूर ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके प छात्र -छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विधानसभा अध्यक्ष ने कई कलाकारों को सम्मानित भी किया। विधानसभा अध्यक्ष ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले 12 छात्र-छात्राओं को विधानसभा अध्यक्ष विवेकाधीन कोष से दो-दो हजार रुपये एवं स्कूल के 6 अध्यापकों को पांच-पांच हजार रुपये देने की घोषणा की। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हमें अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहना होगा, क्योंकि यही हमारी पहचान हैं। उन्होंने युवा पीढ़ी का आह्वन करते हुए कहा कि हमारी सांस्कृतिक विरासत ही हमारी पहचान है जो हमारे जीवन का महत्त्वपूर्ण हिस्सा है और इसे कभी नहीं भुलाया जा सकता है। आधुनिकता की चकाचौंध में हमें अपनी संस्कृति, सभ्यता व संस्कारों को दरकिनार नहीं करना चाहिए। आज के समय में हम शिष्टाचार, नैतिकता को भूलते जा रहे हैं। शिष्टाचार व नैतिकता हमारे जीवन में बहुत अहम चीजें हैं। मुख्यमंत्री की पत्नी रश्मि त्यागी रावत ने कहा कि अनेकता में एकता भारत की सांस्कृतिक परंपरा की विशेष पहचान है। देश में अलग-अलग बोली, भाषा व संस्कृति हैं। इसके बावजूद सामाजिक संतुलन बना हुआ है। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरबंस कपूर ने कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना का मुख्य उद्देश्य बेटी को अच्छी शिक्षा देकर उन्हें एक बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना है। यह सिर्फ एक योजना नहीं बल्कि देश के हर नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। आयोजक हनी पाठक ने कहा कि बच्चों को अपनी संस्कृति एवं सभ्यता का ज्ञान देना हम सबकी जिम्मेदारी बनती है और समाज के प्रति हमारा कर्तव्य है कि अपनी युवा पीढ़ी को हम संस्कारवान बनाकर अपनी संस्कृति से जोड़े रखें। इस अवसर पर छमा बंसल, जोगेंद्र सिंह पुंडीर, हर्ष यादव, महेंद्र प्रताप सिंह, हरीश कोहली, विकी खन्ना, रमेश काला, पार्षद विपुल गर्ग, मुख्य शिक्षा अधिकारी आशारानी पैन्यूली, महेश पाठक, विपुल जैन, सिद्धार्थ बंसल आदि उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/ साकेती/मुकुंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in