uttarakhand-boil-from-ghat-lathicharge-to-road-to-house
uttarakhand-boil-from-ghat-lathicharge-to-road-to-house

उत्तराखंड: घाट लाठीचार्ज पर सड़क से सदन तक उबाल

देहरादून, 02 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) में बजट सत्र के पहले दिन चमोली जिले स्थित नंदप्रयाग-घाट सड़क निर्माण को लेकर आंदोलित ग्रामीणों पर पलिस लाठीचार्ज से कांग्रेस सहित अन्य दलों ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को लाठीचार्ज के खिलाफ सदन से लेकर सड़क तक विपक्ष में उबाल दिखा। मुख्यमंत्री ने मजिस्टीरियल जांच के आदेश दे दिए हैं। लाठीचार्ज का मुद्दा सदन में उठाया गया। गैरसैंण से लेकर देहरादून तक जगह-जगह सड़कों पर कांग्रेस, यूकेडी, आप सहित अन्य दलों ने विरोध-प्रदर्शन कर पुलिस-प्रशासन के साथ सरकार पर हमला बोला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के आह्वान पर जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन के साथ भाजपा सरकार का पुतला दहन किया गया। राजधानी देहरादून में महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में एश्लेहॉल चौक पर त्रिवेन्द्र सरकार का पुतला फूंका गया। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने आंदोलनकारियों पर हुए लाठीचार्ज पर सरकार को घेरते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा और आरएसएस का असली चेहरा यही है। पुतला दहन करने वालों में प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकान्त धस्माना, प्रदेश उपाध्यक्ष आर्येन्द्र शर्मा,महामंत्री संगठन विजय सारस्वत,पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण,प्रदेश महामंत्री गोदावरी थापली,पूर्व विधायक राजकुमार,डाॅ.आर.पी.रतूड़ी, डाॅ.प्रतिमा सिंह, पार्षद एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष नीनू सहगल,नेता प्रतिपक्ष डाॅ.विजेन्द्र पाल शामिल रहे। प्रदेश कांग्रेस महामंत्री तथा रुद्रप्रयाग प्रभारी राजेन्द्र शाह ने पुलिस लाठीचार्ज को दुखद बताते हुए कहा कि त्रिवेन्द्र रावत सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए जनता का उत्पीड़न कर रहे हैं। एसएफआई व सीटू ने फूंका पुतला इस मुद्दे पर देहरादून में एसएफआई और सीटू ने त्रिवेन्द्र सरकार का पुतला दहन कर लाठीचार्ज की निंदा की। एसएफआई के राज्य सचिव हिमांशु चौहान और सीटू के जिला सचिव लेखराज व डीएवी इकाई सचिव अमन सिंह ने कहा कि लाठीचार्ज ने सरकार की मंशा को उजागार कर दिया है। यूकेडी ने लाठीचार्ज पर सरकार को घेरा उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी ) राज्य में लाठीचार्ज को लेकर सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरी। देहरादून में पार्टी कार्यालय के बाहर यूकेडी नेता श्विप्रसाद सेमवाल के नेतृत्व में सरकार का पुतला जलाकर सरकार पर पहाड़ और महिला विरोध का आरोप लगाया। आप भी लाठीचार्ज के खिलाफ सड़क पर आम आदमी पार्टी (आप) के कैंट विधानसभा के प्रभारी रविन्द्र सिंह आनंद के नेतृत्व में बल्लीवाला फ्लाईओवर पर सरकार का पुतला जलाकर नारेबाजी की गई। इस दौरान कहा कि सरकार को पीड़ित महिलाओं से माफी की मांगनी चाहिए। इस मौके पर विपिन खन्ना सर्कल हेड मुकेश सिंह संगठन मंत्री शरद जैन मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/मुकुंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in