service-is-the-organization-public-service-continues-through-campaign-madan-kaushik
service-is-the-organization-public-service-continues-through-campaign-madan-kaushik

सेवा ही संगठन है अभियान के माध्यम से जनसेवा जारी: मदन कौशिक

देहरादून, 01 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी अन्य राजनीतिक दलों से अलग है और सदैव जनता के बीच रहकर उनकी सेवा में लगी रहती है। कोरोना काल में भी भारतीय जनता पार्टी और उसके कार्यकर्ताओं ने यही कार्य किया है। सेवा ही संगठन है अभियान के माध्यम से केन्द्रीय नेतृत्व के निर्देश पर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं ने जनसेवा की है। राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष तथा प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने तीन दिन तक इस अभियान की समीक्षा की है। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद हमारे कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सेवा कार्य कर रहे हैं। यह जानकारी प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक ने मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता में दी। मदन कौशिक ने कहा कि 30 मई को केन्द्र सरकार के दूसरे कार्यकाल के दो वर्ष पूरे हो गए, जिसे हमने सेवा ही संगठन अभियान के माध्यम से जनता तक पहुंचाने का काम किया। इस अभियान के तहत सभी मोर्चों ने रक्तदान किया। अकेले युवा मोर्चा द्वारा एक हजार यूनिट, अभियान के बाद 2 हजार 368 यूनिट रक्तदान किया। 300 यूनिट इस अभियान से अलग है। मदन कौशिक ने बताया कि युवा मोर्चा के 1932, महिला मोर्चा के 347 तथा अन्य मोर्चों के 100 से अधिक यूनिट रक्तदान देकर रक्त कोष को मजबूत किया है। कई स्थानों पर रक्त कोष में स्थान न होने के कारण कार्यकर्ताओं का नाम ले लिया गया है। उनसे बाद में रक्त लिया जाएगा। कौशिक के अनुसार 623 भाजपा कार्यकर्ता 68 स्थानों पर रक्तदान कराने के लिए निरंतर कार्यरत रहे। 45 अस्पतालों तथा रक्त कोषों को रक्तदान दिया गया। सभी 78 मंडलों ने इस रक्तदान में भाग लिया और 35 स्थानों पर रक्तदान आयोजित किए गए। यह आंकड़ा 30 मई तक का है। उसके बाद भी लगातार सेवा कार्य जारी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 30 मई को भाजपा के 907 कार्यकर्ता 710 गांवों में पहुंचे हैं, जिसमें 528 जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। एक लाख 57 हजार 32 सेनेटाइजर बांटे गए, जबकि 10500 से अधिक भोजन के पैकेट वितरित किए गए। 1530 स्थानों पर जागरुकता अभियान चलाया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कहना है कि राजनीतिक दल के रूप में भारतीय जनता पार्टी ने एक बड़ा अभियान चलाया है। संगठन की ओर से फ्रंटलाइन वर्कर्स को कार्यक्रम के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हम सेवा कार्योँ के माध्यम से इस अभियान को गति दे रहे हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दिसम्बर से पहले प्रदेश में भी सबको वैक्सीन उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों द्वारा वैक्सीन के बारे में भ्रम फैलाया जा रहा है, जो दुखद है। हम जन जागरण अभियान के माध्यम से इस भ्रम को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्पादन के आधार पर टीका उपलब्ध हो रहा है और उसी आधार पर टीकाकरण अभियान चलेगा। पत्रकार वार्ता में महामंत्री कुलदीप कुमार, मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान, सह मीडिया प्रभारी सुनील सैनी, राजीव तलवार आदि उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार/ साकेती

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in