हरेला पर्व हमें प्रकृति और पर्यावरण से जोड़ता है: सतपाल महाराज
हरेला पर्व हमें प्रकृति और पर्यावरण से जोड़ता है: सतपाल महाराज

हरेला पर्व हमें प्रकृति और पर्यावरण से जोड़ता है: सतपाल महाराज

वन स्मृति में विधानसभा अध्यक्ष व पर्यटन मंत्री ने किया पौधरोपण ऋषिकेश, 10 जुलाई (हि.स.)। हरेला पर्व पर पर्यावरण संरक्षण के लिए स्मृति वन में मुख्य अतिथि पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल सहित अन्य लोगों ने पौधारोपण किया और पौधों को संरक्षित करने का संकल्प भी लिया गया। आज अध्यक्ष अग्रवाल के बेटे पीयूष अग्रवाल का जन्मोत्सव भी मनाया गया। विधानसभा अध्यक्ष ने स्मृति वन में सोलर फेंसिंग के लिये अपनी विधायक निधि से दो लाख रुपये देने की भी घोषणा की। शुक्रवार को स्मृति वन में पौधारोपण कार्यक्रम का शुभारंभ वेद पाठियों की उपस्थिति में विधि विधान से हुआ। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज और विधानसभा अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया। अध्यक्ष और पर्यटन मंत्री ने लोगों को उपहार स्वरूप पौधे भी वितरित किए।इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष के बेटे पीयूष अग्रवाल ने अपने जन्मदिन पर 21 ब्राह्मण और अन्य 20 ज़रूरतमंद लोगों को राशन की किट भेंट की। इस अवसर पर पर्यटन मंत्री महाराज ने कहा कि हरेला पर्व हमें प्रकृति और पर्यावरण से जोड़ता है। पर्यावरण का संरक्षण उत्तराखंड की संस्कृति में रहा है। उन्होंने कहा कि जीवन बचाने के लिए पौधरोपण करना जरूरी है। उतना ही जरूरी इनका संरक्षण भी है। यदि हम पर्यावरण संरक्षण के लिए सजग नहीं रहेंगे तो पृथ्वी पर जीवन का बचना बहुत मुश्किल हो जाएगा। विधानसभा अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि वे प्रत्येक साल अपने बेटे के जन्मदिवस पर पौधारोपण का कार्यक्रम अवश्य करते हैं। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने सभी से आह्वान किया है कि अपने बच्चों के जन्म दिवस के अवसर पर पौधारोपण जरूर करें। अग्रवाल ने कहा कि सरकार एवं समाज के साथ मिलकर वर्तमान में पर्यावरण सुधारने के लिए पौधारोपण जरुरी है। इसमें प्रत्येक व्यक्ति का सहभागी होना जरुरी है। उन्होंने कहा कि प्रकृति की ओर मुड़ने का समय आ गया है, इसके लिए पेड़ लगाओ और पर्यावरण बचाओ। इस अवसर पर वन विभाग के प्रभागीय वनाधिकारी डीबी मर्तोलिया, वन क्षेत्राधिकारी महेंद्र सिंह रावत, वन दरोगा मनसा राम गौड़, ऋषिकेश मण्डल अध्यक्ष दिनेश सती, श्यामपुर मण्डल अध्यक्ष गणेश रावत, वीरभद्र मण्डल अध्यक्ष अरविंद चौधरी, ब्लॉक प्रमुख भगवान सिंह पोखरियाल, कुसुम कंडवाल, पार्षद शिव कुमार गौतम, सुंदरी कंडवाल सहित अन्य लोग उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार /विक्रम-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in