satpal-maharaj-awarded-the-first-swami-vivekananda-devbhoomi-award-2021
satpal-maharaj-awarded-the-first-swami-vivekananda-devbhoomi-award-2021

सतपाल महाराज प्रथम स्वामी विवेकानंद देवभूमि सम्मान 2021 से सम्मानित

देहरादून, 02 फरवरी (हि.स.)। राज्य के पर्यटन और संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज को मंगलवार को समारोहपूर्वक ‘स्वामी विवेकानंद देवभूमि सम्मान 2021’ से सम्मानित किया गया। समारोह का आयोजन श्री रामकृष्ण मिशन आश्रम और संस्कार परिवार देवभूमि ट्रस्ट देहरादून ने किशनपुर स्थित स्वामी विवेकानंद नेत्रालय सभागार में किया। उन्हें यह सम्मान उत्तराखंड में स्वामी विवेकानंद सर्किट एवं अन्य आध्यात्मिक सर्किट के निर्माण के लिए संतों ने प्रदान किया। समारोह में पहुंचे सतपाल महाराज का स्वागत श्री रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी असीम आत्मानन्द महाराज ने किया। इस दौरान पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने मंदिर पुस्तकालय के दर्शन करने के साथ ही आश्रम में रुद्राक्ष पौधे का रोपण किया। साथ ही विवेकानन्द वेदालय के एक वार्ड का भ्रमण किया गया। पर्यटन मंत्री महाराज ने कहा कि स्वामी विवेकानंद अक्सर कहा करते थे कि उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता का उनके जीवन पर अमिट प्रभाव पड़ा है। यहां के नैसर्गिक सौंदर्य का शब्दों में वर्णन नहीं किया जा सकता। उसका अनुभव करना है तो आपको उत्तराखंड आना होगा। यहां के पहाड़ों, नदियों, झीलों, घाटियों, वनस्पतियों, पेड़-पौधों में ऐसा चुंबकीय आकर्षण है कि कोई चाहे भी तो उनके प्रभाव से बच नहीं सकता। उसी प्रभाव को उजागर और उसका अवलोकन कराने के लिए ‘स्वामी विवेकानंद पर्यटन सर्किट’ तैयार किया गया है। स्वामी विवेकानन्द स्मृति आश्रम के संस्थापक आचार्य विपिन जोशी ने कहा कि संस्कार परिवार देवभूमि ट्रस्ट देहरादून का यह पहला सम्मान है। यह महाराज को प्रदान किया गया है। भविष्य में विशिष्ट क्षेत्रों में कार्य करने वाले व्यक्तियों को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। इस अवसर पर श्री रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव असीम आत्मानन्द महाराज, 108 महंत श्री कृष्ण गिरी महाराज टपकेश्वर महादेव, देहरादून के मेयर सुनील उनियाल गामा, स्वामी विवेकानन्द स्मृति आश्रम के संस्थापक आचार्य विपिन जोशी , कुर्मांचल सांस्कृतिक एवं कल्याण परिषद के अध्यक्ष कमल रजवार, युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष अंशुल चावला, युवा मोर्चा महामंत्री शंकर रावत, महानगर उपाध्यक्ष मनीष रावत आदि मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/मुकुंद-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in