preparations-for-the-first-royal-bath-intensified
preparations-for-the-first-royal-bath-intensified

प्रथम शाही स्नान की तैयारियां तेज

-मेलाधिकारी दीपक रावत ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया हरिद्वार, 06 मार्च (हि.स.)। संन्यासी अखाड़ों की पेशावाई के साथ कुम्भ 2021 का शंखनाद हो चुका है। अभी तक सात संन्यासी अखाड़ों में से पांच संन्यासी अखाड़ों जूना आवाहन, अग्नि, निरंजनी तथा आनंद अखाड़े की पेशवाई हो चुकी है। नागा संन्यासी और रमता पंचों ने छावनी में प्रवेश कर देवता स्थापित कर दिया है। 8 मार्च को महानिर्वाणी अखाड़ा और अटल अखाड़े की पेशवाई प्रवेश के साथ 11 मार्च को शिवरात्रि पर्व पर होने वाले प्रथम शाही स्नान के साथ कुम्भ पर्व विधिवत प्रारम्भ हो जाएगा। प्रथम शाही स्नान में केवल सात संन्यासी अखाड़े ही स्नान करते हैं। सबसे पहले जूना अखाड़े के साथ आवाहन अखाड़ा तथा अग्नि अखाड़ा स्नान करेगा। इसके बाद क्रमानुसार निरंजनी अखाड़ा और आनंद अखाड़ा और तीसरे क्रम में महानिर्वाणी अखाड़ा और अटल अखाड़ा स्नान करेगा। प्रशासन ने प्रथम शाही स्नान की तैयारियां तेज कर दी हैं। 11मार्च को होने वाले शाही स्नान को लेकर मेला प्रशासन और जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। अखाड़ों की व्यवस्थाओं का जायजा लेना शुरू कर दिया है। इस क्रम में शनिवार को मेलाधिकारी दीपक रावत और अपर मेलाधिकारी हरबीर सिंह दल-बल के साथ जूना अखाड़ा पहुंचे। दोनों ने अंतरराष्ट्रीय सभापति प्रेम गिरि, सचिव मोहन भारती, महेश पुरी व अन्य पदाधिकारियों के साथ जूना अखाड़े की चारों मढ़ियों की छावनी का निरीक्षण कर समतलीकरण सफाई, शौचालय तथा बिजली व्यवस्था समय से सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिए। मेलाधिकारी ने आवाहन अखाड़े की छावनी का भी निरीक्षण किया। अखाड़े के राष्ट्रीय महामंत्री सत्यगिरि तथा अन्य पदाधिकारियों से वार्ता कर सभी मूलभूत सुविधाएं तुरन्त उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। यहां से वे अग्नि अखाड़े की छावनी पहुंचे और राष्ट्रीय सभापित ब्रहमचारी मुक्तानंद बापू से भेंट कर व्यवस्थाओं के बारे में विचार-विमर्श किया। मेलाधिकारी दीपक रावत ने बताया मेला प्रशासन 11 मार्च के शाही स्नान को लेकर पूरी तरह से तैयार है। शाही स्नान से पूर्व सभी अखाड़ों में समस्त मूलभूत सुविधाएं व्यवस्थित कर ली जाएंगी। उन्होंने कहा उदासीन, निर्मल, बैरागी अखाड़ों की पेशवाई और छावनी प्रवेश अप्रैल में होंगे। इससे पूर्व इनकी छावनियों को पूर्ण रूप से व्यवस्थित कर लिया जाएगा। इन अखाड़ों के पेशवाई मार्ग भी चिह्नित कर लिए गए हैं। इनको समय रहते दुरुस्त कर लिया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत/मुकुंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in