pledged-to-follow-the-path-described-by-baba-saheb
pledged-to-follow-the-path-described-by-baba-saheb

बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने का लिया संकल्प

-बाबा साहब के बताए मार्ग पर चलने का लिया संकल्प -मुख्यमंत्री ने पांच वरिष्ठ महिलाओं को किया सम्मानित देहरादून, 14 अप्रैल (हि.स.)। देहरादून सहित प्रदेशभर में कांग्रेस, बसपा और भाजपा सहित अन्य राजनीतिक दलों के साथ ही विभिन्न सामाजिक संगठनों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की 130वीं जयंती पर कार्यक्रम आयोजित कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। बुधवार को देहरादून के घंटाघर पर स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अंबेडकर समाज की पांच वरिष्ठ महिलाओं को शॉल भेंट कर सम्मानित भी किया। इस मौके पर मेयर सुनील उनियाल गामा, राजपुर विधायक खजान दास, भाजपा अंबेडकर मंडल के अध्यक्ष विशाल गुप्ता सहित अन्य मौजूद रहे। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष धस्माना, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक राजकुमार सहित अन्य गणमान्य लोगों ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष धस्माना ने कहा कि डॉक्टर अंबेडकर व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा हैं। इस विचारधारा को आज पूरी दुनिया मानती है। उन्होंने समाज व दुनिया को जो विचार दिये, वो अदभुत व अनुकरणीय हैं। देश व दुनिया के शोषित दबे कुचले समाज को उन्होंने 'शिक्षित बनो संगठित हो और संघर्ष करो' नारा दिया। ऐसा नारा किसी नेता या समाज सुधारक ने नहीं दिया। आज डॉक्टर साहब को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम उनके मिशन पर चलते हुए शिक्षा ग्रहण करें फिर संगठित हों और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करें। पूर्व विधायक राजकुमार व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने बाबा साहब की जयंती पर कहा कि वे एक बहु प्रतिभावान व्यक्ति थे। शोषण व भेदभाव से मुक्ति दिलाने में बाबा साहब का प्रमुख योगदान रहा। डॉ. अंबेडकर की जयंती पर इंदिरा कॉलोनी में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की टोली की ओर से फिल्म दिखाई गई। इसके तत्पश्चात घंटाघर स्थित डॉ. अम्बेडकर की मूर्ति पर माल्यार्पण किया गया। वहीं डीएल रोड आर्य नगर में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति का अनावरण किया गया। इसके साथ ही कंवली रोड में प्रसाद वितरण कर अम्बेडकर जयंती मनाई गई। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कार्यकर्ताओं ने घंटाघर स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और गांधी रोड स्थित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में गोष्ठी का आयोजन किया। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष और टिहरी लोकसभा के प्रभारी चौधरी शीशपाल ने कहा कि अंबेडकर के द्वारा चलाई गई मुहिम और उनके बनाए संविधान की बदौलत आज दलित और शोषित गरीब वर्ग को उनके हक मिला। कांग्रेस मुख्यालय देहरादून में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर महानगर महिला कांग्रेस कमलेश रमन ने कहा कि बाबा साहब के बदौलत आज भारत का सवश्रेष्ठ संविधान बना है। हम सभी को उनके बताए रास्ते पर चलना चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in