operation-of-trucks-on-parrot-valley-devprayag-road-from-1-april
operation-of-trucks-on-parrot-valley-devprayag-road-from-1-april

तोता घाटी देवप्रयाग मार्ग पर ट्रकों का संचालन 1 अप्रैल से

ऋषिकेश, 01मार्च (हि.स.)। ऋषिकेश- बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोता घाटी -देवप्रयाग मार्ग के मध्य ट्रकों का संचालन 1 अप्रैल से शुरू होगा। जिला प्रशासन ने कार्यदायी संस्था को 15 मार्च तक चौड़ीकरण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। दरअसल हाईवे चौड़ीकरण के चलते तोता घाटी- देवप्रयाग मार्ग लंबे समय तक बंद रहा। बाद में यहां बस और अन्य छोटे वाहनों का संचालन शुरू हुआ पर ट्रकों की आवाजाही की इजाजत नहीं दी गई। उत्तराखंड ट्रक परिवहन महासंघ ने टिहरी जिला प्रशासन से इस मार्ग को ट्रकों के लिए खोले जाने की मांग की थी। शुक्रवार को ट्रक ऑपरेटर्स ने तीन घंटे तक ट्रकों का चक्का जाम रखा था। ट्रक परिवहन महासंघ के पदाधिकारियों ने शनिवार को जिलाधिकारी टिहरी ईवा आशीष से मुलाकात भी की थी। जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी कीर्ति नगर को आवश्यक कार्रवाई के लिए लिखा था। सोमवार को उत्तराखंड परिवहन महासंघ के महासचिव दिनेश बहुगुणा और मनोज ध्यानी ने कीर्ति नगर जाकर उप जिलाधिकारी आकांक्षा वर्मा से मुलाकात की और उन्हें जिलाधिकारी के निर्देश से अवगत कराया। उप जिलाधिकारी ने कहा कि तोता घाटी में चौड़ीकरण कार्य कर रही कार्यदायी संस्था को 15 मार्च तक कार्य पूर्ण करने की डेडलाइन दी गई है। 1 अप्रैल से हर हाल में ट्रकों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार /विक्रम/मुकुंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in