on-the-birth-anniversary-of-sant-kabir-saints-paid-homage-by-garlanding-his-picture
on-the-birth-anniversary-of-sant-kabir-saints-paid-homage-by-garlanding-his-picture

संत कबीर की जयंती पर संतों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया

ऋषिकेश, 24 जून (हि.स.)। संत कबीर की जयंती के अवसर पर संतों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। गुरुवार को ऋषिकेश लक्ष्मण झूला मार्ग पर स्थित कबीर चौरा आश्रम में महंत कपिल मुनि महाराज की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संतों ने जहां कबीर के जीवन परिचय पर प्रकाश डाला, वहीं उन्हें समाज परिवर्तक बताते हुए कहा कि कबीर ने अपने जीवन पर्यंत समाज को सभी मार्ग पर चलने के लिए दिशा देने का कार्य किया है। इस अवसर पर षड्दर्शन साधु समाज अखिल भारतीय सनातन धर्म रक्षा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत गोपाल गिरी ने कहा कि संत कबीर ने अपने जीवन काल में सभी धर्मों को महत्व देते हुए सभी का मान किया है। जिनकी वाणी को नानक साहब ने भी अपने जीवन में उतारने का प्रयास किया और गुरु ग्रंथ साहिब में कबीर की वाणी को ही सबसे अधिक स्थान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि गुरु ग्रंथ साहिब से कबीर की वाणी को निकाल दिया जाए, तो गुरु ग्रंथ साहिब में अधूरापन दिखाई देगा। इसी प्रकार उन्होंने सर्व समाज को सत्य मार्ग पर चलने का संदेश भी दिया है। उन्होंने कर्म को ही प्रधान माना है। इस दौरान महंत कपिल मुनि ने लोगोंं से कहा कि वह आश्रम में योग भी सीख सकते हैं। योगाचार्य अनिल बिजलवान द्वारा योग सिखाया जाएगा। यह योग शिक्षा निशुल्क उपलब्ध करवाई जाएगी। हिन्दुस्थान समाचार/ विक्रम

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in