nsui-traveled-to-the-chief-minister39s-residence-for-employment
nsui-traveled-to-the-chief-minister39s-residence-for-employment

रोजगार को लेकर एनएसयूआई ने मुख्यमंत्री आवास किया कूच

देहरादून, 26 फरवरी (हि.स.)। बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई के खिलाफ शुक्रवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास घेरने के लिए कूच किया। मुख्यमंत्री आवास से पहले बड़ी संख्या में मौजूद पुलिस ने उन्हें जाने से रोक लिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नोक-झोंक भी हुई। इस मौके पर कांग्रेस प्रभारी देवेन्द्र यादव, अध्यक्ष प्रीतम सिंह और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन ने भी मौजूद रहे। एनएसयूआई ने 'नौकरी दो या डिग्री वापस लो' की मांग करते हुए मुख्यमंत्री आवास के घेराव की कोशिश की। हाथीबड़कला केन्द्र के पास मौजूद पुलिसकर्मियों ने बैरीकेड लगाकर इन लोगों को रोक दिया। कार्यकर्ता आगे जाने की जिद पर अड़े रहे। पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की भी हुई। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और एनएसयूआई कार्यकर्ता पुलिस की बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। कुछ देर हंगामा हुआ। इसके बाद देवेंद्र यादव, प्रीतम सिंह और पदाधिकारियों ने गिरफ्तारी दी। मुख्यमंत्री आवास कूच से पहले सभा का आयोजन किया गया। राज्य प्रभारी देवेन्द्र यादव ने भाजपा सरकार में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि इस सरकार को सत्ता से बेदखल किया जाए। इससे पहले पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार अपने वादों से पीछे हट गई है। कांग्रेस संगठन एकजुटता के साथ काम कर रही है। हम सरकार को चैन से नही सोने देंगे। हरीश रावत के मुख्यमंत्री चेहरे के बयान पर परहेज करते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्रीय नेतृत्व इस पर निर्णय लेगा। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को बड़ी संख्या में रोजगार के लिए पलायन करना पड़ता है। सरकार विभागों में खाली पदों को भरने में असहाय दिख रही है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस करीब 60 छात्र -छात्राओं को गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया। इस मौके पर एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष मोहन भंडारी, प्रदेश महासचिव आयुष गुप्ता, आकाश गौड़, गोपाल भट्ट, गोविंद दासोनी, जिला अध्यक्ष सौरभ ममगाईं, गौरव सागर, पवन मेहरा, गोकुल परिहार, ऋषभ कल्पसी, विशाल भोजक, हरिओम भट्ट, निकेंद्र नेगी, सचिन चौधरी, अंकिता पाल, प्रियल ध्यानी, कोमल खुराना, इरम मिर्जा, कविता, नेहा, अभिषेक डोबरियाल, विकास नेगी, अजय रावत, आदित्य बिष्ट, उदित थपलियाल, अंकित बिष्ट आदि मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/मुकुंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in