nodal-officer-took-stock-of-the-damage-caused-by-forest-fires
nodal-officer-took-stock-of-the-damage-caused-by-forest-fires

नोडल अधिकारी ने जंगलों की आग से हुए नुकसान का जायजा लिया

- वनाग्नि जनपदीय नोडल अधिकारी ने किया निरीक्षण पौड़ी, 08 अप्रैल (हि.स.)। वनाग्नि जनपदीय नोडल अधिकारी नरेश कुमार ने जंगलों की आग से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए समीक्षा बैठक ली। इसके बाद जंगलों का निरीक्षण भी किया। वनाग्नि जनपदीय नोडल अधिकारी ने कहा कि जंगलों की आग की घटना पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। यदि घटना स्थल तक पहुंचने के लिए विभाग के पास वाहन सुविधा नहीं हैं तो भाड़े का वाहन कर घटना स्थल पर पहुचने के लिए कहा गया है। गुरुवार को जनपद मुख्यालय में वनाग्नि जनपदीय नोडल अधिकारी नरेश कुमार ने गढ़वाल वन प्रभाग व सिविल एवं सोयम वन प्रभाग पौड़ी के अधिकारियों के साथ बैठक ली। इस दौरान नरेश कुमार ने अब तक जंगलों की आग से हुए नुकसान के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि अब तक जनपद में जंगल की आग की 493 घटनाओं में 725 हैक्टेयर भूमि जंगल की आग से प्रभावित हुई है जिसमें करीब 20 लाख की वन संपदा का नुकसान हुआ है। नरेश कुमार ने कहा कि जंगलों की आग संबंधी घटनाओं पर त्वरित कार्यवाही करें। यदि कर्मचारियों के पास वाहन सुविधा नही है तो भाड़े के वाहन से घटना स्थल तक पहुंचना सुनिश्चित करें। कहा कि आग बुझाने के लिए विभागीय अधिकारी आपदा फंड से भी उपकरण खरीद सकते हैं। इसके लिए शासन स्तर से निर्देश जारी हुए हैं। नरेश कुमार ने कहा कि विभागीय कर्मी जंगलों को आग से बचाने के लिए वन पंचायत स्तर पर जागरुकता कार्यक्रम जारी रखें। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने पौड़ी, खिर्सू क्षेत्र के जंगलों में स्थिति का जायजा भी लिया। इस दौरान डीएफओ केएस रावत व सोहन लाल, एसडीओ राजेंद्र रावत, वन क्षेत्राधिकारी अनिल भट्ट आदि मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/राज/सुनीत

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in