niranjani-arena-will-run-a-free-ambulance
niranjani-arena-will-run-a-free-ambulance

निरंजनी अखाड़ा निःशुल्क एंबुलेंस चलाएगा

हरिद्वार, 06 मई (हि.स.)। कोरोना से जंग में एक बार फिर से मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट एवं पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी आगे आया है। ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज मरीजों की सेवा के लिए दो निशुल्क एंबुलेंस चलाएंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उनसे मिलकर मदद मांगी। इसके बाद उन्होंने यह घोषणा की है। एंबुलेंस चलाए जाने की घोषणा पर मदन कौशिक ने श्रीमहंत रविन्द्रपुरी का आभार प्रकट किया है। पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी में श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने मुलाकात कर उनसे कोरोना से पीड़ित व गरीब लोगों की मदद के लिए सहयोग मांगा। इसके बाद मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने दो निशुल्क एंबुलेंस निरंजनी अखाड़ा एवं मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट की तरफ से चलाने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि दोनों एंबुलेंस का पूरा खर्च अखाड़ा वहन करेगा। कौशिक ने कहा कि श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज के सेवा कार्य बहुत ही सराहनीय व प्रशंसनीय है। विगत वर्ष भी लॉकडाउन के दौरान उन्होंने एक लाख लोगों को खाना खिलाया। 25 हजार से अधिक लोगों तक राशन की किट पहुंचाई। केंद्र और राज्य सरकार का भी लगातार सहयोग किया। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in