mother-durga-gives-happiness-prosperity-and-glory-to-the-devotees-ravindrapuri-maharaj
mother-durga-gives-happiness-prosperity-and-glory-to-the-devotees-ravindrapuri-maharaj

भक्तों को सुख, समृद्धि एवं वैभव प्रदान करती है मां दुर्गाः रविन्द्रपुरी महाराज

हरिद्वार, 14 अप्रैल (हि.स.)। मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं निरंजनी अखाड़े के सचिव श्रीमहंत रविन्द्रपुरी महाराज ने नवरात्र के दूसरे दिन मां मनसा देवी मंदिर में विधि विधान से पूजा अर्चना कर राष्ट्र की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि नवरात्रि मां दुर्गा की अवधारणा भक्ति और परमात्मा की शक्ति का पर्व है, जो भक्तों को सुख समृद्धि एवं वैभव प्रदान करता है। मां की आराधना करने से यश और वैभव की प्राप्ति होती है और हमारे अंदर की नकारात्मक शक्तियों का खात्मा होता है। मां भगवती के आशीर्वाद से हमें सकारात्मक मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि श्रद्धापूर्वक की गई मां की आराधना सहस्र गुना फलदाई होती है। जो श्रद्धालु भक्त मां की शरण में आ जाते हैं, देवी मां उसका संरक्षण कर उसकी सभी कष्टों से रक्षा करती है। रविन्द्रपुरी महाराज ने कहा कि देवी भगवती बहुत ही दयालु एवं कृपालु हैं, जो सूक्ष्म आराधना से ही प्रसन्न होकर भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं। पतित पावनी देवभूमि उत्तराखंड की पावन धरा पर मां गंगा के तट पर जो श्रद्धालु भक्त मां का गुणगान श्रद्धापूर्वक करता है, उसका जीवन सदैव उन्नति की ओर अग्रसर रहता है। उन्होंने कहा कि देवी भगवती और पतित पावनी मां गंगा के आशीर्वाद से जल्द ही कोरोना महामारी संपूर्ण विश्व से समाप्त होगा और पूरे देश एवं समाज में फिर से खुशहाली लौटेगी। उन्होंने कुंभ में आने वाले श्रद्धालु यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि कोरोना नियमों का पालन अवश्य करें। साथ ही 2 गज की दूरी का ध्यान रखते हुए मास्क अवश्य लगाएं। अपने प्राणों की रक्षा करना सभी का दायित्व है। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत/वीरेन्द्र

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in