leftists-are-instigating-farmers-tirath
leftists-are-instigating-farmers-tirath

किसानों को उकसा रहे हैं वामपंथी: तीरथ

पौड़ी, 23 फरवरी (हि.स.)। गढ़वाल सांसद तीरथ सिंह रावत ने मंगलवार को कहा कि किसानों को वामपंथी उकसा रहे हैं। आजादी के बाद पहली बार किसी सरकार ने किसानों के हितों के बारे में सोचा। मगर यह लोग किसानों को लाभ से वंचित कर अपनी राजनीतिक रोटियां सेंक रहे हैं। सांसद रावत ने गढ़वाल मुख्यालय में पत्रकार वार्ता में कहा कि केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक बजट पेश किया है। यह बजट नौजवानों, किसानों व महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा। सांसद रावत ने कहा कि किसान जिन ट्रैक्टरों से रैली कर रहे हैं। वह ट्रैक्टर भी किसानों को केंद्र सरकार ने बिना ब्याज के ऋण पर दिए हैं। केंद्र सरकार की ओर से किसानों को देश में पहली बार सम्मान निधि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि आज देश पूर्ण रूप से आत्मनिर्भर हो रहा है। देश ने पीपीई किट से लेकर कोरोना टीके तक का निर्माण किया है। कोरोना काल में ऑल वेदर रोड सहित अन्य विकास कार्य प्रभावित हुए हैं। उन्हें अब तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन 2024 तक पूर्ण हो जाएगी। इसके बाद रेल परियोजना से उत्तराखंड के चार धामों को जोड़ने का काम शुरू होगा। सांसद ने रेल योजना से गैरसैंण को जोड़े जाने की बात भी कही। सांसद ने कहा कि विकासखंड स्तर पर केंद्रीय विद्यालय खोलने की सरकार की योजना है। श्रीनगर, कोटद्वार व अगस्त्यमुनि केंद्रीय विद्यालयों के लिए जल्द ही जमीन उपलब्ध करा दी जाएगी। उन्होंने समाज कल्याण कार्यालय को सुविधाजनक स्थान पर स्थानांतरित न करने पर नाराजगी व्यक्त की। 3 मार्च को होनी वाली दिशा की बैठक में संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण लिया जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/मुकुंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in