labor-organizations-organize-bike-rally-in-protest-against-government-policies
labor-organizations-organize-bike-rally-in-protest-against-government-policies

सरकार की नीतियों के विरोध में श्रमिक संगठनों ने निकाली बाइक रैली

हरिद्वार, 25 फरवरी (हि.स.)। केंद्र सरकार की निजीकरण नीति के विरोध तथा किसान आंदोलन के समर्थन में विभिन्न श्रमिक संगठनों ने भेल फाउंड्री गेट से नगर निगम तक बाइक रैली निकालकर प्रदर्शन किया। रैली में भेल, नगर निगम, रेल कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी भी सम्मिलित हुए। फाउंड्री गेट से शुरू हुई रैली शिवालिक नगर, सुभाष नगर, बाल्मिकी बस्ती ज्वालापुर, कस्साबान, रेलवे रोड ज्वालापुर, भगत सिंह चौक, ऋषिकुल चौक होते हुए नगर निगम प्रांगण पहुंची। नगर निगम परिसन में हुई सभा को संबोधित करते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक अम्बरीष कुमार ने आरोप लगाते हुए कहा कि सामाजिक न्याय, लोक कल्याणकारी राज्य संविधान के उद्देश्यों को दरकिनार कर भाजपा खेती और उद्योगों को दो उद्योगपतियों को सौंपने की तैयारी कर रही है। भाजपा सरकार निजीकरण, श्रम संहिता लागू करने के साथ तीन कृषि कानूनों के जरिए खेती को भी निजी क्षेत्र को सौंपने की तैयारी में है। इसके विरोध में किसान लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं लेकिन सरकार कुछ सुनने को तैयार नहीं है। देश में बेरोजगारी बढ़ रही है। बेरोजगारी दूर करने के बजाए सरकार लोगों को बांटने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से परेशान किसान, मजदूर, नौजवान भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। प्रदेश महासचिव डॉ. संजय पालीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियो को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। सरकार निजीकरण बंद कर, श्रम कानून व तीनों कृषि कानून निरस्त करे। भेल श्रमिक नेता राजबीर चौहान ने कहा कि सरकार उदारीकरण, निजीकरण के जरिए खेती और उद्योगों को बर्बाद कर रही है। जिसके विरोध में देश भर के किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी, नौजवान सरकार के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष की तैयारी कर रहे हैं। यदि सरकार ने अपनी नीतियां नहीं बदली तो देश की जनता सरकार को उखाड़ फेंकेगी। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in