governor-launches-sanjivani-festival
governor-launches-sanjivani-festival

राज्यपाल ने संजीवनी महोत्सव का शुभारंभ किया

देहरादून, 20 फरवरी (हि. स.)। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने शनिवार को दो दिवसीय संजीवनी महोत्सव का शुभारम्भ किया। इस दौरान राज्यपाल ने विभिन्न स्वयं सहायता समूहों की के हस्तशिल्प एवं स्थानीय उत्पादों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आत्मनिर्भर भारत की दिशा में यह सराहनीय प्रयास है। संजीवनी महोत्सव का आगाज सर्वे चौक स्थित महिला आईटीआई हुआ है। इसका आयोजन द उत्तराखण्ड सिविल सर्विस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन ने किया है। राज्यपाल ने महिलाओं को संदेश दिया कि वे स्थानीय उत्पादों एवं शिल्पों के संवर्द्धन एवं संरक्षण के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन सकती हैं। स्थानीय जैविक उत्पादों की वैश्विक स्तर पर मांग बढ़ रही है। राज्यपाल ने कहा कि संस्था स्थानीय उत्पादकों एवं महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए यह सुन्दर प्रयास है। इससे महिलाओं को नई पहचान मिलेगी। इस मौके पर राज्यपाल ने स्टालों का निरीक्षण करते हुए उत्पादकों से व्यवसाय एवं समस्याओं की जानकारी ली। राज्यपाल ने स्थानीय हस्तशिल्पियों के कार्यों की प्रंशसा करते हुए स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों का उत्साहवर्द्धन किया। मेले में राज्यभर के विभिन्न स्वयं सहायता समूहों द्वारा बनाये गये स्थानीय उत्पाद एवं शिल्पों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि द उत्तराखण्ड सिविल सर्विस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन द्वारा संचालित संस्था संजीवनी उत्तराखण्ड के वरिष्ठ सिविल सेवा अधिकारियों की पत्नियों द्वारा संचालित गैर लाभकारी संस्था है। महिलाओं तथा बच्चों के उत्थान एवं सशक्तीकरण के लिए कार्य किया जाता है। कार्यक्रम में एसोसिएशन की अध्यक्ष दीपा ओम प्रकाश सहित राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों की पत्नियां उपस्थित रहीं। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/मुकुंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in