gmvn-can-play-a-big-role-in-the-field-of-pilgrimage-tourism-culture-cm
gmvn-can-play-a-big-role-in-the-field-of-pilgrimage-tourism-culture-cm

तीर्थाटन, पर्यटन, संस्कृति के क्षेत्र में बड़ी भूमिका निभा सकता हैं जीएमवीएन: मुख्यमंत्री

देहरादून, 31 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के 45वें स्थापना दिवस पर आज निगम के अधिकारियों और कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि तीर्थाटन, साहसिक पर्यटन और संस्कृति के क्षेत्र में यह संस्थान प्रदेश के विकास में बड़ी भूमिका निभा सकता है। मुख्यमंत्री तीरथ रावत बुधवार को वर्चुअल तरीके से समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि गढ़वाल मंडल विकास निगम के अंतर्गत साहसिक पर्यटन की विभिन्न गतिविधियों, कार्मिकों के कौशल विकास, व्यावसायिक गतिविधियों और सेवाओं के डिजीटलीकरण, नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार वित्तीय सहायता देगी। मुख्यमंत्री ने जीएमवीएन की परिसम्पत्तियों में सुधार के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रकृति के उपहार को संवारने के लिए हमें एकजुट होकर राज्य को आगे ले जाना है। प्रोफेशनल एप्रोच अपनाते हुए मन से काम करने की जरूरत है। राज्य में आने वाले पर्यटकों को ऐसी सेवाएं मिलें कि वे यहां से अपने साथ अच्छा अनुभव और यादें लेकर जाएं। उन्होंने कहा कि पर्यटक यहां के पर्यटन स्थलों, खानपान आदि का भी आनंद लें और उत्तराखण्ड की समृद्ध संस्कृति से भी परिचित हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन और होटल गतिविधियों में निगम के कार्मिकों के ज्ञान में वृद्धि करने के लिए मध्यावधि प्रशिक्षण कार्यक्रम करवाने में सहायता दी जाएगी। निगम के तहत गैस वितरण प्रणाली के संचालन और वित्तीय लेनदेन में पारदर्शिता और नवाचार के लिए सहायता दी जाएगी। इस मौके पर सचिव दिलीप जावलकर, जीएमवीएन के प्रबंध निदेशक आशीष चौहान सहित अन्य अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in