कांग्रेस नेता प्रदीप चौधरी ने अपनी ही पार्टी की मेयर पर लगाए आरोप
हरिद्वार, 16 मई (हि.स.)। उषा ब्रेको की लीज बढ़ाए जाने पर मेयर पर सवाल उठने लगे है। पूर्व पालिकाध्यक्ष एवं कांग्रेस के प्रदेश सचिव प्रदीप चौधरी ने आरोप लगाया है कि नगर निगम ने बिना प्रावधान लीज बढ़ाकर अपना नुकसान किया है। नगर निगम को खुली बोली लगवाकर अपनी आय बढ़ाने के बारे में विचार करना चाहिए था, परन्तु ऐसा नहीं किया गया। जबकि कई पार्षदों का भी यही मानना है कि अगर टेंडर प्रक्रिया से इसका आवंटन होता तो ये ही कम्पनी और अधिक शर्तों के साथ नगर निगम को कम से कम दस करोड रुपये अदा करती और पूराना अटका 123 करोड़ रुपया बकाया भी नगर निगम को मिल सकता था। उन्होंने कहा कि जो निगम संसाधनों की कमी से परेशान है उसकी भरपाई भी हो जाती और जनता को सुविधाएं भी मिल जाती। उन्होंने कहा कि तीस वर्ष लीज बढ़ाने की तो व्यवस्था अनुबंध में है ही नहीं तो फिर यह कैसे सम्भव हुआ? इसलिए यह वृद्धि नियम विरुद्ध है। कम्पनी को हर दो साल में किराया बढ़ाने का अधिकार देना श्रद्धालुओं के साथ धोखा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें खेल हुआ है। कई गुना किराया बढ़ाने का अधिकार देना तर्क संगत नहीं है। उन्होंने बताया कि वह उषा ब्रेको से संबंधित सभी चीजों की जांच सन 1998 से लेकर अब तक प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सीबीआई जांच कराए जाने की मांग भी करेंगे। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत