congress-history-filled-with-stories-of-sacrifice-pritam-singh
congress-history-filled-with-stories-of-sacrifice-pritam-singh

कांग्रेस का इतिहास बलिदान की गाथाओं से भरा :प्रीतम सिंह

देहरादून, 24 मई (हि.स.)। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के निर्देश पर राज्यभर में भारत रत्न राजीव गांधी के बलिदान दिवस पर जगह-जगह रक्तदान शिविर आयोजित कर नमन किया। इस दौरान प्रीतम सिंह ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस के रक्तदान शिविरों में आकर भाजपा नेता को कुछ त्याग करना सीखना चाहिए। प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में कैंट विधानसभा के इंद्रानगर वसंत विहार में रॉयल इन पैलेस में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर प्रीतम सिंह ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास बलिदानों की गाथाओं से भरा हुआ है। राजीव गांधी का बलिदान देश हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि बलिदान त्याग और सेवा की कांग्रेसी परंपरा का कांग्रेस कार्यकर्ता आज भी निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज कोविड काल में जब वे लोग जिनको जनता ने चुन कर प्रदेश को चलाने की जिम्मेदारी सौंपी वे तो दुबके पड़े हैं और प्रदेश भर में जनता बिना इलाज के तड़प रही है। इससे ज्यादा अफसोसनाक बात क्या हो सकती है। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस के खिलाफ उपवास करने वालों को कांग्रेस के रक्तदान शिविरों में आकर त्याग और सेवा का पाठ पड़ना चाहिए। प्रीतम सिंह ने ऑक्सीजन बैंक का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि जो काम राज्य की सरकार को करना चाहिए था वो हमारे साथियों ने किया। उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि कोरोना के इस कठिन दौर में कांग्रेस कार्यकर्ता आगे आकर बीमारों की हर तरह से सहायता करने में जुटे हैं। कैंट विधानसभा क्षेत्र में उनका लक्ष्य कम से कम पांच सौ यूनिट रक्तदान करवाने का है और जिस प्रकार से लोग आगे आ रहे हैं ये बहुत शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष संजय किशोर,प्रदेश महिला कांग्रेस सचिव पिया थापा,कैंट ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तीनों अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, प्रमोद कुमार गुप्ता व अल्ताफ अहमद पार्टी की कैंट से तीनों पार्षद सुमित्रा ध्यानी,संगीता गुप्ता, कोमल वोहरा, पार्षद छावनी परिषद जितेंद्र तनेजा, पार्षद हितेश गुप्ता, महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष गौतम सोनकर,कैंट सोशल मीडिया अध्यक्ष कुलदीप जखमोला सहित अन्य ने रक्तदान किया। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in