business-leader-sanjeev-chaudhary-joins-congress-with-colleagues
business-leader-sanjeev-chaudhary-joins-congress-with-colleagues

व्यापारी नेता संजीव चौधरी साथियों संग कांग्रेस में हुए शामिल

हरिद्वार, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड व्यापार मण्डल के प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी अपने समर्थक साथियों सहित शुक्रवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। प्रदेश कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने व्यापारी नेता संजीव चौधरी को साथियों सहित कांग्रेस पार्टी में शामिल करवाया। कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद संजीव चौधरी ने कहा कि देश की आजादी में कांग्रेस का बड़ा योगदान रहा है। देश को कल कारखाने देने में, मजदूर को रोजगार और किसानों का सम्मान करने में यदि किसी पार्टी ने अहम भूमिका निभाई है तो वह है कांग्रेस पार्टी। आज कांग्रेस सरकार में नहीं है तो देश का हर वर्ग सड़क पर आन्दोलन कर रहा है। चौधरी ने कहा उत्तराखंड राज्य को बर्बाद करने मे भाजपा ने कोई कमी नहीं छोड़ी है और राज्य की जनता भाजपा के पापों को हिसाब करने के लिए तैयार बैठी हुई है। राज्य में अगली सरकार कांग्रेस की बनने जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता के साथ छल और झूठ बोल कर सत्ता में आई भाजपा ने एक बार भी राज्य की जनता की ओर नहीं देखा है। सत्ता के नशे में चूर भाजपा ने राज्य को दशकों पीछे धकेल दिया है। चौधरी ने कहा की राज्य के नौजवान बेरोजगार हो कर दूसरे राज्यों में धक्के खा रहे हैं। पहाड़ों से निरन्तर पलायन हो रहा है। गाँव के गाँव खाली हो गए हैं। चारों तरफ बुरा हाल है। पर सरकार कुम्भ करण की तरह सोई हुई है। अब जनता जाग गई है और सत्ता परिवतन होना तय है। इस मौके पर पार्टी ज्वाइन करने वालों में मुख्य रूप से विपिन राणा, पुष्पेंद्र गुप्ता, दीपक काला, मिथिलेश वर्मा, आकाश सैनी, संजीव कुमार, विजय धीमान, अरविन्द कुमार आदि सैंकड़ों लोग रहे। हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in