bjp39s-double-engine-government-has-not-met-the-expectations-of-the-people-mehak-singh
bjp39s-double-engine-government-has-not-met-the-expectations-of-the-people-mehak-singh

भाजपा की डबल इंजन की सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरीः महक सिंह

हरिद्वार, 11 मार्च (हि.स.)। रुड़की में आज आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता महक सिंह सैनी एड. ने बयान जारी करते हुए भाजपा पर जमकर हमला बोला। आप प्रवक्ता महक सिंह सैनी ने कहा कि भापा का चरित्र प्रदेश की जनता के सामने अब जाहिर हो चुका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सीएम का चेहरा बदलने से कुछ हासिल नहीं होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि चेहरा नया है लेकिन सोच वही है। उत्तराखंड की जनता के चार साल बर्बाद करने के लिए भाजपा को उत्तराखंड की जनता से माफी मांगनी चाहिए। आप प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि इस सरकार ने प्रदेश की जनता के 4 साल बर्बाद कर दिए हैं और अब भाजपा आलाकमान अपनी नाकामी छुपाने के लिए सीएम का चेहरा बदल रहा है, लेकिन चेहरा बदलने से इस सरकार की कमियां और नाकामी को जनता से नहीं छुपाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इन बीते 4 सालों में प्रदेश विकास की गति से कोसों पीछे चला गया। त्रिवेन्द्र सिंह रावत मुख्यमंत्री रहते हुए 4 साल तक सोते रहे। उन्होंने कभी भी प्रदेश के विकास पर ध्यान नहीं दिया जिससे खुद उनकी पार्टी के विधायक और मंत्रीगण नाराज थे और आखिरकार उन्हें अपनी कुर्सी से हाथ धोना ही पड़ा। आप लगातार कहती आ रही थी ये जीरो वर्क सीएम है जिस पर भाजपा आलाकमान ने उनको हटाकर आप की जीरो वर्क सीएम वाली बात पर मुहर लगा दी है। आप प्रवक्ता सैनी ने कहा कि भाजपा ने प्रदेश की जनता से खिलवाड़ किया है, अब चेहरा बदलने के बाद प्रदेश की जनता को बीते 4 वर्षों का हिसाब चाहिए जो भाजपा नहीं दे सकती। आप प्रदेश ने कहा कि सत्ता परिवर्तन करने से राज्य का भला नहीं होने वाला है, अगर वाकई में राज्य का भला करना है तो इस प्रदेश में सत्ता परिवर्तन से ज्यादा, व्यवस्था परिवर्तन की जरुरत थी जिसको करने में भाजपा नाकाम रही। इसके अलावा उन्होंने भाजपा पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा ने प्रदेश को जबरन दो उपचुनावों की दहलीज पर खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि कि एक सांसद को मुख्यमंत्री बनाए जाने से जहां सांसद की सीट पर उपचुनाव होगा वहीं मुख्यमंत्री की खाली कुर्सी के लिए भी उपचुनाव का आर्थिक बोझ प्रदेश सरकार पर पडे़गा। उन्होंने कहा कि क्या 57 विधायकों की पार्टी में क्या ऐसा कोई भी काबिल विधायक नहीं था, जिसे मुख्यमंत्री बनाया जा सकता था। इससे जाहिर होता है कि भाजपा विधायक जनता की उम्मीदों के काबिल नहीं हैं? हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in