bhim-army-demands-ssp-to-arrest-rape-accused
bhim-army-demands-ssp-to-arrest-rape-accused

भीम आर्मी की एसएसपी से दुष्कर्म आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग

पौड़ी, 26 मार्च (हि.स.)। तहसील पौड़ी क्षेत्र के एक गांव में 20 मार्च को दो युवकों ने एससी युवती से दुष्कर्म किया था। आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग के लिए भीम आर्मी ने एसएसपी पौड़ी से मुलाकात की है। भीम आर्मी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। पौड़ी पुलिस का कहना है कि मामले में विवेचना जारी है। आरोपितों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़ित युवती ने राजस्व पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया था। राजस्व पुलिस चार दिन तक आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर पाई थी। राजस्व पुलिस का कहना था कि आरोपित घटना के दिन ही फरार हो गए थे। पीड़ित ने आरोपितों के गांव में ही होने की बात कही थी। बाद में उक्त प्रकरण रेगुलर पुलिस को सौंप दिया गया। एसएसपी पी रेणुका देवी ने मामले की जांच सीओ सदर पीएल टम्टा को सौंपी थी। शुक्रवार को भीम आर्मी के सदस्यों ने हरिद्वार से पौड़ी जनपद मुख्यालय पहुंच कर एसएसपी पी रेणुका देवी से मुलाकात की। भीम आर्मी के नगर अध्यक्ष महक सिंह ने कहा कि घटना के एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया गया है। इससे दलित समाज में आक्रोश व्याप्त है। यदि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। एसएसपी ने कहा है कि प्रकरण काफी संगीन है। पुलिस पूरी गंभीरता से मामले में विवेचना कर रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसएसपी से वार्ता करने वालों में अब्दुल वसीम, अरुण कुमार, अक्षय कुमार, संजय कुमार, मेजर सहनवाज, मोहसिन मलिक, शिव कुमार रॉबिन, कीरत कर्णवाल, सचिन व रोहित शामिल थे। हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/मुकुंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in