apple-litchi-festival-in-august-september
apple-litchi-festival-in-august-september

अगस्त-सितम्बर में सेब-लीची महोत्सव

वसन्तोत्सव-2021 के समापन पर राज्यपाल ने की घोषणा देहरादून, 14 मार्च (हि.स.)। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने दो दिवसीय पुष्प-प्रदर्शनी वसंतोत्सव-2021 के समापन पर कहा कि किसानों की कुशल काश्तकारी और आमदनी को बढ़ाने दिया जाएगा। इस वर्ष अगस्त-सितम्बर में सेब-लीची महोत्सव के आयोजन का निर्णय लिया गया है। इस दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया। रविवार शाम राजभवन में राज्यपाल बेबी रानी मार्य ने दो दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी का समापन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और कबीना मंत्री सुबोध उनियाल उपस्थित रहे। राज्यपाल ने कहा कि राजभवन में आयोजित पुष्प प्रदर्शनी को लोगों के लिये उपयोगी तथा लाभदायक बनाना ही मुख्य उद्देश्य है। पुष्प प्रदर्शनी के माध्यम से फूलों के काश्तकारों को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही पुष्प प्रदर्शनी का पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी अपना योगदान है। राज्यपाल ने कहा कि सेब-लीची महोत्सव से राज्य के फलों की ब्रांडिंग होगी। उत्तराखंड के सेब और लीची उत्कृष्ट गुणवत्ता के होते हैं। उन्होंने कहा कि पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण का महत्व तभी लोगों को समझ में आयेगा,जब लोग प्रकृति के महत्व और इसकी सुंदरता का देखेंगे। सुबोध उनियाल ने कहा कि फ्लोरीकल्चर के माध्यम से लोगों की आर्थिकी मजबूत करना सरकार का लक्ष्य है। कोविड-19 के दुष्प्रभाव से उबरने में फूल उत्पादों को प्रोत्साहन मिला है। प्रदर्शनी में 171 संस्थानों की ओर से स्टॉल लगाए गए। 12 से 18 आयु वर्ग में पेटिंग प्रतियोगिता में 135 बच्चों द्वारा प्रतिभाग किया गया। इस वर्ष बीएचईएल को 18 श्रेणियों, उत्तराखण्ड वन विभाग को 5 श्रेणियों में, आई.एम.ए. को 6 श्रेणियों में, ओ.एन.जी.सी को 13 श्रेणियों में तथा आई.आई.टी रुड़की को 6 श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त हुए। बीएचईएल को सर्वाधिक पुरस्कार प्राप्त करने पर चल बैजयंती (रनिंग ट्राफी) प्रदान की गई। 11 श्रेणियों की 46 उप श्रेणियों में 132 प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार एवं 14 सांत्वना पुरस्कार वितरित किए गए। खाद्य पुष्प (फ्लावर्स यूज्ड फॉर इडीबल पर्पज) की श्रेणी में ओएनजीसी को प्रथम,फ्रेश पेटल रंगोली में एकता वीना को प्रथम तथा ऑन द स्पॉट फोटोग्राफी में शैली को प्रथम पुरस्कार प्राप्त हुआ। सचिव उद्यान हरबंस सिंह चुघ ने पुष प्रदर्शनी की विस्तृत जानकारी दी। निदेशक उद्यान डा.एच.एस.बावेजा की ओर से धन्यवाद ज्ञापित किया गया। इस मौके पर सचिव राज्यपाल बृजेश कुमार सन्त, अपर सचिव राज्यपाल, जितेन्द्र सोनकर सहित उद्यान विभाग के अन्य अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश/मुकुंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in