29-cadets-of-army-cadet-college-receive-degrees
29-cadets-of-army-cadet-college-receive-degrees

आर्मी कैडेट कॉलेज के 29 कैडेट ने उपाधि प्राप्त की

देहरादून, 05 जून (हि.स.)। आर्मी कैडेट कॉलेज (भारतीय सैन्य अकादमी का अभिन्न अंग) के 29 कैडेटों को शनिवार को स्नातक की उपाधि प्रदान की गई। उन्हें यह उपाधि भारतीय सैन्य अकादमी के खेत्रपाल सभागार में दी गई । कैडेटों को यह डिग्री जेएनयू की ओर से दी जाती है। 29 कैडेटों में से 12 विज्ञान वर्ग, 17 मानवता वर्ग में स्नातक कर रहे हैं। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल और भारतीय सैन्य अकादमी के कमांडेंट हरेन्द्र सिंह ने की। आर्मी कैडेट कॉलेज के तीन साल के कड़े प्रशिक्षण के बाद अपने पूर्व कमीशन प्रशिक्षण के लिए एक वर्ष भारतीय सैन्य अकादमी में दीक्षित होंगे। इस मौके पर आर्मी कैडेट कॉलेज के कमांडर ब्रिगेडियर शैलेश सती ने कैडेटों के समर्पण तथा सेवाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कोरोना काल के प्रतिबंधों के बावजूद हमारे कैडेट चुनौतियों का सामना करने में सफल रहे। अपने दीक्षांत संबोधन में लेफ्टिनेंट जनरल हरेन्द्र सिंह ने कहा कि आपने जो यह डिग्री प्राप्त की है वह आपके सेवा क्षेत्र का एक मील का पत्थर है। उन्होंने कैडेटों से कहा कि पूर्व आर्मी कैडेट कॉलेज के कैडेटों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से संस्थान को गौरवान्वित किया है। भारतीय सैन्य अकादमी के प्रतिष्ठित सम्मान स्वार्ड ऑफ ऑनर प्राप्त यह कैडेट उच्च पदों पर पहुंचे हैं जो उनकी विशिष्टता है। उन्होने बताया कि आर्मी कैडेट कॉलेज विंग के पुरस्कार विजेताओं में स्वर्ण पदक ऋतुराज सिंह, रजत पदक विक्रम गौतम तथा कांस्य पदक दुबल राणा को मिला है। इसी प्रकार कमांडेंट का रजत पदक बुदल राणा, वीरेन्द्र सिंह एवं विज्ञान वर्ग में ऋतुराज सिंह को मिला है। कार्यक्रम के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल हरेंद्र सिंह ने आर्मी कैडेट कॉलेज की चैंपियन बोगरा कंपनी को कमांडेंट बैनर दिया और उन्होंने सबके उज्जवल भविष्य की कामना की। हिन्दुस्थान समाचार/ साकेती

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in