2022 में 57 से अधिक सीटें जीतेगी भाजपा: बंशीधर भगत
2022 में 57 से अधिक सीटें जीतेगी भाजपा: बंशीधर भगत

2022 में 57 से अधिक सीटें जीतेगी भाजपा: बंशीधर भगत

देहरादून, 23 नवम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी 2022 के विधानसभा चुनाव में 57 सीटों से अधिक सीटें जीतकर कीर्तिमान बनाएगी। यह सब देवतुल्य कार्यकर्ताओं के बल पर होगा। यह भरोसा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने यमुना कालोनी स्थित अपने आवास में सोमवार को मीडिया से बातचीत में जताया। भगत ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों में जिस तरह कार्यकर्ता 90 से 95 प्रतिशत उपस्थित होकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और उनमें जो उत्साह है, वह इस बात का प्रतीक है कि कार्यकर्ता पिछले बार से अधिक अपनी पार्टी को जिताने की कोशिश करेंगे। बंशीधर भगत ने कहा कि पूरे प्रदेश के 252 मंडलों में 239 मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हो चुके हैं। 13 मंडलों में 28 नवम्बर तक कार्यक्रम सम्पन्न हो जाएंगे। कार्यकर्ता सभी आठ विषयों पर नेतृत्व का उद्बोधन सुन रहे हैं। 525 प्रशिक्षक अब तक 21 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित कर चुके हैं। यह कार्यकर्ताओं के मनोयोग का प्रमाण है। करोना जैसी महामारी के बीच हमारा कार्यकर्ता पूरी तरह संयत होकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनोपयोगी नीतियां लागू कर रही है। उत्तराखंड की त्रिवेंद्र सरकार पूरी इच्छा शक्ति और ईमानदारी के साथ जनोपयोगी कार्यक्रमों को संचालित कर रही है। यह इस बात का संकेत है कि केन्द्र तथा प्रदेश सरकार के काम और कार्यकर्ताओं का उत्साह हमारे लिए हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण साबित होगा। भगत ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा 5,6,7 दिसम्बर को तीन दिन के उत्तराखंड प्रवास पर रहेंगे। वह 14 बैठकों के माध्यम से कार्यकर्ताओं के प्रत्येक वर्ग को संबोधित करेंगे, जिसमें मंत्री, विधायक, दर्जाधारी तथा वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में पार्टी नई ऊर्जा के साथ नई ऊंचाइयां छुएगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के भ्रमण के बाद वह अपना दौरा प्रारंभ करेंगे और सभी 70 विधानसभाओं के भ्रमण के दौरान अधिकांश विधानसभाओं में रात्रि विश्राम करेंगे और कार्यकर्ताओं से चर्चा करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुरेश भट्ट के उत्तराखंड आने की चर्चा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महामंत्री संगठन का एक ही पद होता है जिस पर अजेय कुमार पदस्थ हैं। सुरेश भट्ट की जिम्मेदारी केन्द्रीय आला कमान तय करेगा। पूरन सिंह फत्र्याल प्रकरण की चर्चा पर उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में दो सांसदों की समिति बना दी गई है। समिति की रिपोर्ट मिलने पर तदनुसार कार्रवाई की जाएगी। अभी रिपोर्ट नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व तथा प्रदेश में त्रिवेंद्र सरकार के कामों को लेकर हमारा कार्यकर्ता गांव-गांव, घर-घर जाएगा। यही हमें विजयश्री दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सभी विधायकों का प्रदर्शन अच्छा है, फिर भी एक सर्वे कराकर इस संदर्भ में और चर्चा की जाएगी ताकि उनका प्रभाव और अच्छा बने। बिहार तथा उपचुनाव की जीत का लाभ हमें उत्तराखंड में भी मिलेगा। छठ पूजा तथा ईगास के अवकाश पर पूछे गए प्रश्न पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह यह प्रदेश सरकार का विषय है। सरकार ने जो उचित समझा, वही निर्णय लिया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष खजानदास, अनिल गोयल, महामंत्री कुलदीप कुमार, राजेन्द्र सिंह भंडारी, कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल, प्रवक्ता विनय गोयल, डॉ. आदित्य कुमार, हरीश नारंग समेत तमाम प्रमुख लोग उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/ साकेती/मुकुंद-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in