सलोन विधानसभा में विकास के हुए कई बड़े काम, जनता करेगी मूल्यांकन : दल बहादुर कोरी
सलोन विधानसभा में विकास के हुए कई बड़े काम, जनता करेगी मूल्यांकन : दल बहादुर कोरी

सलोन विधानसभा में विकास के हुए कई बड़े काम, जनता करेगी मूल्यांकन : दल बहादुर कोरी

योगी सरकार में 'सबका साथ-सबका विकास' और सरकार की उपलब्धियां होंगी कसौटी:दल बहादुर कोरी -जनता की संतुष्टि है उनकी पूंजी -पॉलिटेक्निक और पॉवर सब स्टेशन है प्रमुख उपलब्धि -संगठन और सरकार मिलकर कर रहे हैं जनहित के काम रायबरेली, 09सितम्बर(हि.स.)। प्रदेश की योगी सरकार के साढ़े तीन साल होने को हैं। विधायको को अगले 18 महीने बाद अपने क्षेत्र में एक बार फिर परीक्षा देने के लिए जनता के सामने जाना है। अपने प्रतिनिधि से जनता के कई सवाल हैं, जिनका जबाब विधायकों को देना है। जनता के लिए इन समय में विधायकों की उपलब्धियों, नीतियों और उनकी योजनाओं सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर हिन्दुस्थान समाचार संवाददाता रजनीश पाण्डेय ने रायबरेली के सलोन विधानसभा से विधायक दल बहादुर कोरी से विस्तार से बात की। दल बहादुर कोरी जमीन से जुड़े नेता हैं व इनकी पहचान जनता के मुद्दों पर खुद की सरकार में भी प्रशासन से टकराने की रही है। 1997 से 2000 तक राज्यमंत्री रहे व वर्तमान सलोन विधायक दल बहादुर कोरी ने जनता से किये वादे और सरकार की नीतियों व अन्य मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखी। बातचीत के प्रमुख अंश... सवाल- साढ़े तीन साल में आपने क्षेत्र में क्या विकास कार्य किये हैं, कुछ बड़ी परियोजनाओं के नाम भी बतायें जो जमीन पर हों। जवाब- सलोन विधानसभा में विकास के कई बड़े काम हुए हैं, इसकी लंबी फेहरिस्त हैं। सड़कों, नहर पुलों, पेयजल के लिए बड़े काम हुए। सबको शिक्षा आसानी से उपलब्ध हो इसके लिए विद्यालयों में संसाधनों को बढ़ाया गया है, जिसके तहत कक्षों का निर्माण कराया गया है। दिव्यांगों के लिए सहायता उपलब्ध हुई है। पेयजल के लिए 200 हैंडपंप जनता को उपलब्ध करवाया गया है।उनके विधानसभा के गांव—गांव में सड़कों का जाल बिछा हुआ है। बावजूद, इसके उनके लिए डीह में पॉलिटेक्निक और सलोन के सिरसिरा में पॉवर सबस्टेशन बड़ी उपलब्धि है। 130 करोड़ की लागत से बन रहा सबस्टेशन शुरू हो गई है जबकि पॉलिटेक्निक का जल्द ही भूमिपूजन होने वाला है। इसके अलावा भी विकास के कई काम हुए हैं और यही वह उनकी पूंजी है। कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में काम के आधार पर हमारी जनता मूल्यांकन करेगी। सवाल- डेढ़ साल बाद चुनाव है, वह स्वयं की या सरकार की उपलब्धियों के साथ जनता के बीच जाना चाहेंगे? जवाब-स्थानीय विकास व सरकार की उपलब्धियां दोनों जनता की कसौटी होंगे और 18 महीने बाद वह विकास और योगी सरकार की जनहित की नीतियों को लेकर वह जनता के बीच जायेंगे। योगी सरकार का 'सबका साथ और सबका विकास' आम जन तक पहुंच रहा है। वह हमेशा जनता के बीच रहे हैं और उन्होंने जनता की लड़ाई लड़ी है। उनका प्रयास रहा है कि आम जन तक कैसे सरकार की योजनाओं का लाभ मिले। साथ ही जनता का आशीर्वाद उनके साथ हमेशा रहा है। योगी सरकार की उपलब्धियों व उनके द्वारा कराए गए विकास के काम ही जनता की कसौटी पर होंगे। सवाल- अपनी सरकार को अन्य दलों की सरकारों से क्या अंतर पाते हैं? जबाब- योगी सरकार व अन्य सरकारों में कई मूलभूत अंतर है। अन्य दलों की सरकारों में कार्यकर्ता थाना,तहसील में हावी थे। आम आदमी की कोई सुनवाई नहीं होती थी। जातीय तुष्टिकरण ही मुख्य था। जबकि भाजपा सरकार में सबके विकास की बात हो रही है। भाजपा कार्यकर्ता की भी शिकायत है तो पूरी ईमानदारी से जांच होती है और सबकी सुनवाई होती है। विधायक क्षेत्र के विकास को लेकर अपनी बात रखते हैं जिसे पार्टी के वरिष्ठ नेता व खुद मुख्यमंत्री सुनते हैं व निराकरण करते हैं। उनके द्वारा प्रस्तावित कभी कोई काम नहीं रुके। इस सरकार में सबको साथ लेकर चलने की विशेषता है। सवाल- हाल की कई घटनाओं से आपको लगता है कि सरकार में विधायकों की सुनवाई नहीं हो रही है, आपका क्या कहना है? जबाब- ऐसा बिल्कुल नहीं है। उन्हें कभी महसूस ही नहीं हुआ कि उनकी नहीं सुनी जा रही है और भाजपा कार्यकर्ताओं की सुनवाई नहीं हो रही है। प्रशासन से सभी विकास के काम हो रहे हैं।इस सरकार में जनता के कामों को लेकर पूरा प्रशासनिक तंत्र सक्रिय है। किसी तरह का कोई विरोध नहीं है। भाजपा कार्यकर्ता तंत्र से मिलकर जनता की समस्याओं को सुलझा रहा है। साथ ही सरकार और जनता के बीच एक कड़ी के रूप में है। आम जन को कैसे योजनाओं का लाभ मिल सके इसके किये संगठन और सरकार मिलकर काम कर रहे हैं। सवाल-अयोध्या में श्री राम मंदिर का निर्माण शुरू हो चुका है, यह विधानसभा चुनाव में कितना असर करेगा? जबाब- मंदिर निर्माण कभी भी भाजपा के लिए चुनावी मुद्दा नहीं रहा है। यह करोड़ों लोंगो की आस्था का मामला है। इसका चुनाव से कोई लेना देना नहीं है। भाजपा का भी कभी यह चुनावी मामला नहीं रहा है,आस्था के प्रश्न पर भाजपा कभी राजनीति नहीं करती है। बिना किसी चुनावी लाभ हानि के भाजपा ने इस प्रश्न को मजबूती से रखा और भाजपा शासन में मंदिर निर्माण शुरू होने से सभी को खुशी है। यह जरूर है कि लोगों की आस्था से जुड़ा होने के कारण यह आम जन को जरूर प्रभावित करेगा। सवाल- 2022 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर योगी सरकार की उम्मीद हैं? जबाब- उम्मीद ही नहीं निश्चित रूप से एक बार फिर योगी सरकार 2022 में आयेगी। आमजनता की कसौटी पर यह सरकार खरी उतरी है और 'सबका साथ व सबका विकास' के साथ जनता खड़ी है। अपराध, भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है। मूलभूत सुविधाएं लोगों को अब आसानी से उपलब्ध हो रही हैं। किसानों के कर्जे को माफ करने व बेरोजगारों के लिए साफ सुथरी प्रक्रिया को लेकर इस सरकार की दृष्टि स्पष्ट है। इस सरकार में नौकरियों की परीक्षाओं में पूरी ईमानदारी बरती जाती है। योग्य अभ्यर्थियों को इसका लाभ मिल रहा है। कौशल विकास के तहत लाखों बेरोजगार नौकरी या व्यवसाय से जुड़ चुके हैं अब प्रदेश का माहौल माफियाओं, गुंडों, भ्रष्ट लोगों का नहीं है। जनता इन सबको समझ रही है। विश्वास से लबालब भरे विधायक दलबहादुर कोरी ने कहा कि 2022 में फिर योगी सरकार ही आएगी। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in