लखनऊ में मना भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मोत्सव
लखनऊ में मना भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मोत्सव

लखनऊ में मना भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मोत्सव

लखनऊ, 25 दिसम्बर(हि.स.)। लखनऊ में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 97 वें जन्मदिवस को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं सहित लखनऊ के कोने-कोने में बड़े ही सौहार्द के साथ मनाया गया। पूर्व प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर कई कार्यक्रमों का आयोजन हुआ और शहर का माहौल अटलमय हो गया। भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर भाजपा महानगर की ओर से कुड़िया घाट पर खिचड़ी भोज, संगोष्ठी और स्वच्छता का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भाजपा के महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा सहित शहरी क्षेत्र में निवास करने वाले सभी छोटे बड़े पदाधिकारी व कार्यकर्ता पहुंचें। महापौर संयुक्ता भाटिया ने विशेष रुप से कार्यक्रम में शोभा बढ़ायी। लखनऊ विश्वविद्यालय में प्रो. मनोज दीक्षित सहित तमाम प्रोफेसरों ने विभागों में श्रद्धेय अटल बिहारी के जन्मदिवस पर उनके चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। शिक्षा जगत में ख्याति प्राप्त प्रोफेसरों ने आने वाली अगली पीढ़ी को अटल बिहारी के वचनों को सुनाते हुए उनके जैसे सादगीपूर्ण जीवन जीने के लिए प्रेरणा लेने को कहा। वही शहर में नेकी की दीवार नाम से एक कार्यक्रम की भी शुरुआत की गयी, जो निरंतर चलने वाला है। पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न से सम्मानित अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर महापौर संयुक्ता भाटिया, नगर आयुक्त अजय द्विवेदी, अपर नगर आयुक्त अर्चना द्विवेदी ने गरीब ज़रुरतमंद लोगों के लिए नेकी की दीवार का उद्घाटन किया। नेकी की दीवार पर शहरी लोग अपने पुराने कपड़े दान करेंगे और उसे जरुरतमंद लोग ले सकेंगे। अटल बिहारी वाजपेयी के काव्य जीवन पर आधारित एक काव्य सम्मेलन भी देर शाम लखनऊ के संत गाडगे जी महाराज प्रेक्षागृह में आयोजित हुआ। इसमें डाक्टर जोगी, कविता तिवारी जैसी मजे हुए कवियों ने भाग लिया। यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग की ओर से किया गया और इसमें काव्य प्रेमियों की खचाखच भीड़ रही। इसके अतिरिक्त शहर में अटल जी के जीवन से जुड़े जगहों पर छोटे बड़े कई आयोजन हुए। जिसमें सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कुछ जगहों पर अटल जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए गोष्ठियों में विद्यार्थियों एवं समाजसेवी कार्यकर्ताओं ने अपनी हिस्सेदारी की। हिन्दुस्थान समाचार/ शरद-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in