मिश्रित खेती और पशुपालन कर अपनी आय बढ़ाएं किसान : योगी आदित्यनाथ
मिश्रित खेती और पशुपालन कर अपनी आय बढ़ाएं किसान : योगी आदित्यनाथ

मिश्रित खेती और पशुपालन कर अपनी आय बढ़ाएं किसान : योगी आदित्यनाथ

हापुड़, 25 सितम्बर (हि. स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को जनपद में कृषि विज्ञान केन्द्र का ऑनलाइन उद्घाटन किया। उन्होंने जनपदवासियों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयन्ती पर शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार का कृषि विज्ञान केन्द्र का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि किसानों को कृषि क्षेत्र नित नए हो रहे अनुसंधान की जानकारी रखने की आवश्यकता है। किसानों को इन अनुसंधानों का अपनी खेती में प्रयोग कर अपनी फसल का उत्पादन और गुणवत्ता बढ़ानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों की आर्थिक दशा सुधारने के लिए प्रयासरत हैं। केन्द्र सरकार किसानों की मदद करने के लिए प्रति तिमाही दो हजार रुपये दे रही है। इस धनराशि से किसानों को तात्कालिक लाभ मिल जाता है। उन्होंने कहा कि आज चार जनपदों में कृषि विज्ञान केन्द्रों का शुभारम्भ किया गया है। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि उन्हें मिश्रित खेती करनी चाहिए। मिश्रित खेती से उतनी ही कृषि भूमि से उन्हें पहले के मुकाबले अधिक आय हो सकेगी। इसके अलावा औषधीय खेती और पशुपालन की ओर भी विशेष ध्यान देना चाहिए। इन सभी सम्मिलित प्रयासों से उनकी आय में काफी वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयन्ती के पवित्र अवसर पर किसानों को कृषि विज्ञान केन्द्र समर्पित करते हुए उन्हें काफी प्रसन्नता हो रही है। इस अवसर पर कृषि विभाग के उपनिदेशक वी.बी. द्विवेदी, जिला कृषि अधिकारी शिवकुमार, कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रभारी डा. हंसराज सिंह, लोक भारती के प्रान्तीय संयोजक भारत भूषण गर्ग, संघ प्रमुख मूलचन्द आर्य, जगदीश पाल सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक अशोक कुमार सिंह एवं काफी किसान उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार/ विनम्र/दीपक-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in