भ्रष्टाचार और चारों तरफ भय का वातावरण हो गया है भाजपा राज्य का परिचय: अखिलेश

भ्रष्टाचार और चारों तरफ भय का वातावरण हो गया है भाजपा राज्य का परिचय: अखिलेश
भ्रष्टाचार और चारों तरफ भय का वातावरण हो गया है भाजपा राज्य का परिचय: अखिलेश

लखनऊ, 24 अक्टूबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा राज का परिचय अन्याय, अत्याचार, भ्रष्टाचार और चारों तरफ भय, भ्रम का वातावरण हो गया है। हत्या, लूट, अपहरण और बलात्कार का बोलबाला है। बेतहाशा महंगाई, अवरुद्ध विकास, बेकारी, किसानों की बर्बादी से जिंदगी दूभर हो गई है। फर्जी एनकाउण्टर, निर्दोषों के जीवन से खिलवाड़ पर कोई अफसोस नहीं। बच्चियों के साथ आए दिन दुष्कर्म की घटनाओं से हर परिवार दहला हुआ है। अखिलेश ने शनिवार को अपने बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश में सत्ता संरक्षित दबंगों का हर तरफ आतंक है। अपराधी अब पुलिस पर भी हाथ उठाने से नहीं चूक रहे हैं। पीलीभीत में तीन सिपाहियों को पीटने के बाद उन्हें विधायक निवास के बाहर अधमरा छोड़े जाने की शर्मनाक घटना घटी है। ऐसी पुलिस जनता की सुरक्षा कैसे करेगी। राज्य में खनन माफिया अपनी अलग ही सत्ता चला रहे हैं। सरकार के बड़े-बड़े नेताओं के संरक्षण में खनिज का काला धंधा चलता है। इस धंधे पर उंगली उठाते ही माफिया, सत्ताधीश और अफसरशाही का त्रिकोण सक्रिय हो जाता है। कई पत्रकार और राजनीतिक कार्यकर्ता इसमें अपनी जान गंवा बैठे हैं। उन्होंने कहा कि बांदा में अध्यापक के आठ वर्ष के बालक का अपहरण और हत्या की घटना विचलित करने वाली है। फिरोजाबाद में 16 वर्ष की किशोरी की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। रोज ही ऐसी घटनाएं सामने आती है। इससे भी बढ़कर यह दुःख की बात है कि अब अस्पतालों में भी पीड़िताओं के प्रति असंवेदनशील रवैया अपनाया जा रहा है। नोएडा की सूरजपुर कालोनी क्षेत्र में एक आठ वर्ष की बालिका दुष्कर्म की शिकार बनी। पीड़िता को चार घंटे तक अस्पताल में बैठाए रखा गया। वह लगातार कराहती रही, किसी ने उसकी सुध नहीं ली। उन्होंने कहा कि इसी तरह भाजपा राज में दलितों पर अत्याचार काफी बढ़ गए हैं। हिन्दुस्थान समाचार/संजय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in