जन जागरूकता के लिए जनपद की कोरोना चैम्पियन को मिला राजकीय सम्मान
जन जागरूकता के लिए जनपद की कोरोना चैम्पियन को मिला राजकीय सम्मान

जन जागरूकता के लिए जनपद की कोरोना चैम्पियन को मिला राजकीय सम्मान

झांसी, 30 अक्टूबर(हि.स.)। जनपद की समाज सेविका और राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त शिक्षाविद् कोविड चैम्पियन डा. नीति शास्त्री और मेडिकल कॉलेज की कोविड चैम्पियन डा. निधि दुबे को उत्तर प्रदेश शासन और यूनिसेफ के संयुक्त वेबिनार में राजकीय सम्मान पत्र मिला। जनपद से यही दोनों महिला कोविड चैम्पियन थीं, जिनको यह सम्मान मिला। इनके साथ कोविड योद्धा स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डा. विजयश्री शुक्ला को भी सम्मान पत्र मिला। डा. नीति शास्त्री जुलाई में कोविड संक्रमित हुई थी, उसके बाद सही होकर उन्होंने अन्य सभी को जागरूक करने के लिए कार्य किया। लोगों को टेलीकॉलिंग के माध्यम से कोरोना से बचने के उपाय बताएं, कोविड के समय व्याप्त हो रहा सामाजिक भेदभाव और कलंक के प्रति लोगों को जागरूक किया। डा. शास्त्री ने यूनिसेफ के द्वारा सामाजिक जागरूकता के लिए बनाई गई शॉर्ट फिल्मों में लेखन और उनके प्रतिपादन में भी सहयोग दिया है। उन्होने कोविड से ग्रसित होने के समय पर अपने अनुभवों को साझा करते हुये एक वीडियो क्लिप भी बनाई है, जिसे राज्य स्तर पर काफी पसंद किया गया। इनके साथ जनपद में पहली कोविड पॉजिटिव डा. निधि दुबे को भी जन जागरूकता फैलाने के लिए यह सम्मान दिया गया। वह पहली ऐसी डॉक्टर है जिन्होंने जनपद की पहली कोविड पॉजिटिव गर्भवती महिला का प्रसव कराया और इस दौरान वह खुद संक्रमित हो गई थी। इसके साथ ही उन्होंने सही होकर कोविड उपचाराधीन को प्लाज्मा भी डोनेट किया। कोविड कार्य में निरंतर लगी कोविड योद्धा स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डा. विजयश्री शुक्ला को भी जन जागरूकता फैलाने के लिए सम्मानित किया गया। हिन्दुस्थान समाचार/महेश/उपेन्द्र-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in