zip-president-election-round-of-accusations-and-counter-allegations-between-bjp-and-sp-started-in-ballia
zip-president-election-round-of-accusations-and-counter-allegations-between-bjp-and-sp-started-in-ballia

जिपं अध्यक्ष चुनाव : बलिया में भाजपा व सपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू

बलिया, 30 जून (हि.स.)। जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव को लेकर सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। बुधवार को दोनों दलों के नेताओं ने जिलाधिकारी से एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए 03 जुलाई को मतदान होने वाले हैं। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से सुप्रिया यादव और सपा से पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी के पुत्र आनंद चौधरी उम्मीदवार हैं। पर्चा दाखिला के बाद से ही दोनों खेमों में रस्सा-कस्सी का दौर चालू है। बुधवार को इसमें नया मोड़ तब आ गया, जब भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू कई अन्य नेताओं के साथ जिलाधिकारी अदिति सिंह से मिलने कलक्ट्रेट पहुंच गए। उन्होंने जिलाधिकारी से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज करायी। भाजपा जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी से मिलने के बाद कहा कि 26 जून को नामांकन के बाद से ही सपा के नेता नंगा नाच कर रहे हैं। मतदाताओं के परिजनों पर सपा नेताओं द्वारा दबाव बनाया जा रहा है। धमकी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि करीब 25 से 26 जिला पंचायत सदस्यों को बंधक बना के रखा गया है। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी से मांग किया है कि जो भी सदस्य बाहर हैं, उन्हें बुलाया जाए और उन्हें सुरक्षा मुहैया कराया जाए। भाजपा जिलाध्यक्ष ने अध्यक्ष प्रत्याशी आनंद चौधरी, पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी व पूर्व मंत्री नारद राय पर कार्रवाई की मांग की। उधर, भाजपा नेताओं के जाते ही पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी भी जिलाधिकारी से मिलने पहुंच गए। उन्होंने भाजपा नेताओं पर तमाम आरोप लगाए। श्री चौधरी ने जिलाधिकारी से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि भाजपा के लोग धनबल और सत्ता के बल पर चुनाव को प्रभावित करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत सदस्यों पर कोई दबाव न बनाया जाए। अनावश्यक रूप से पुलिस द्वारा कुछ जिला पंचायत सदस्यों के परिजनों पर दबाव डाला जा रहा है। कहा कि कई थानों में की गई शिकायतें फर्जी पायी गई हैं। श्री चौधरी ने कहा कि जिलाधिकारी ने निष्पक्ष चुनाव कराने का आश्वासन दिया है। हिन्दुस्थान समाचार/पंकज

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in