zinda-was-shown-dead-the-name-was-fraudulently-mounted-on-khatauni
zinda-was-shown-dead-the-name-was-fraudulently-mounted-on-khatauni

जिन्दा को मृत दिखा, फर्जी तरीके से खतौनी पर चढ़वाया नाम

मीरजापुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। साहब मैं जिंदा हूं। मैं सदर तहसील के मोहल्ला घुरहूपट्टी का रहने वाला हूं। तहसील कर्मियों ने मुझे दो नवम्बर 2012 को मृत घोषित कर दिया। अगर मुझे कागज में जिंदा नहीं किया गया तो मेरी भूमि हड़प ली जाएगी। घुरहूपट्टी निवासी अशोक कुमार पुत्र स्व. बित्तन ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को पत्रक सौंपकर इसकी शिकायत की। उसने बताया कि सदर तहसील क्षेत्र के मौजा रमईपट्टी में उसकी भूमि है। वह बाहर रहकर व्यापार करता है। मोहल्ले की एक महिला शारदा देवी पुत्री मिठाई लाल निवासी घुरहूपट्टी की नजर उसकी भूमि पर पड़ गई। जालसाज महिला ने भूमि हड़पने का रास्ता खोजा और जिंदा अशोक को मृत दिखाकर फर्जी तरीके से अपना नाम दर्ज करा लिया। जिंदा अशोक को इस बात की भनक तक नहीं लगी। जानकारी होने पर अशोक अधिकारियों के दफ्तर का चक्कर लगा अपने को जिंदा साबित करने की कोशिश कर रहा है। फर्जी ढंग से नाम दर्ज कराकर सम्पत्ति हड़पने का मामला गंभीर अपराध है। शिकायकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने व न्याय की गुहार लगाई। इसकी शिकायत शहर कोतवाली पर भी की गई, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं की गई। हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/विद्या कान्त

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in