zilla-panchayat-president-will-become-a-new-face-in-meerut
zilla-panchayat-president-will-become-a-new-face-in-meerut

मेरठ में जिला पंचायत अध्यक्ष बनेगा कोई नया चेहरा

मेरठ, 05 मई (हि.स.)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव संपन्न होने के बाद अब सियासी दल ब्लाॅक प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर काबिज होने की जुगत में लग गए हैं। मेरठ में इस बार कोई नया चेहरा जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर काबिज होगा। पुराने धुरंधरों के चुनाव से किनारा करने और चुनाव हारने के कारण नए चेहरे की तलाश चल रही है। मेरठ जिला पंचायत में सदस्यों के 33 वार्डों के चुनाव परिणाम घोषित हो गए हैं। अब जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर काबिज होने के लिए राजनीतिक दलों में जोड़-तोड़ शुरू हो गई है। कई पुराने धुरंधरों ने इस बार चुनाव नहीं लड़ा तो कई चुनाव हार गए। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मनिंदर पाल सिंह ने इस बार खुद को चुनाव से दूर रखा। वह इस समय जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन है। इसी तरह से पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान और उनके पति अतुल प्रधान ने चुनाव नहीं लड़ा। भाजपा ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर सिंह को टिकट ही नहीं दिया। पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर के बेटे नवाजिश इस बार जिला पंचायत चुनाव से दूर रहें। भाजपा के वरिष्ठ नेता विमल शर्मा ने भी खुद को चुनाव से दूर रखा। धर्मेंद्र भारद्वाज को भाजपा ने टिकट नहीं दिया। कई दिग्गज हार गए अपना चुनाव भाजपा से दो बार जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीतने वाली डाॅ. मीनाक्षी भराला हैट्रिक नहीं लगा सकी और बुरी तरह से चुनाव हार गई। चुनाव जीतने पर वह जिला पंचायत अध्यक्ष पद की दावेदार थी। जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ चुकी सपना हुड्डा को भी हार का सामना करना पड़ा। दो बार से सदस्य चुने जा रहे डाॅ. मनोज अधाना भी वार्ड 30 से चुनाव हार गए। वार्ड 15 से योगेश भदौड़ा की पत्नी सुमन भी चुनाव में पराजित हुई। इसी तरह पूर्व जिला पंचायत सदस्य राकेश त्यागी की पत्नी रजनी त्यागी, रविंद्र टीकरी, शमशाद को भी हार का सामना करना पड़ा। वार्ड 22 से पूर्व ब्लाॅक प्रमुख ओमपाल गुर्जर भी हार गए। पुराने दिग्गजों के चुनाव हारने के कारण इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर कोई नया चेहरा बैठेगा। भाजपा, सपा, बसपा और रालोद के नेताओं ने इसके लिए खेमेबंदी शुरू कर दी है। भाजपा से गौरव कुसैड़ी, रालोद से अनिकेत भारद्वाज, सपा से कुसुम सिद्धार्थ के नाम जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए सामने आ रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in