yogi-sarkar39s-four-year-term-is-unmatched-no-such-work-done-in-history---keshav-maurya
yogi-sarkar39s-four-year-term-is-unmatched-no-such-work-done-in-history---keshav-maurya

योगी सरकार का चार साल का कार्यकाल बेमिसाल, इतिहास में ऐसा कार्य नहीं हुआ - केशव मौर्य

-उप मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में लगाई हाजिरी, किया नौका विहार वाराणसी, 28 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। दरबार में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत दर्शन पूजन के बाद उन्होंने विश्वनाथ धाम कॉरिडोर में चल रहे कार्यों का भी निरीक्षण किया। विश्वनाथ धाम का निरीक्षण करने के बाद उपमुख्यमंत्री ने ललिताघाट से मोटर बोट पर सवार होकर अस्सीघाट तक गंगा में नौका विहार भी किया। इसके पहले उन्होंने काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिक्षेत्र स्थित मां अन्नपूर्णा के दरबार में गर्भगृह में जाकर विधिवत दर्शन पूजन किया। दर्शन पूजन के बाद उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बाबा विश्वनाथ के भक्तों के लिए विश्वनाथ धाम कारीडोर का कार्य जिस दिन पूर्ण हो जाएगा वह एक अलौकिक दृश्य होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर्यटन को बढ़ावा देने के लगातार विकास के कार्य कर रहे हैं। ऐसा कार्य इतिहास में कभी नहीं हुआ। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि वाराणसी में विकास की बहुत सी परियोजनाएं पूरी हो रही हैं, बाबा की नगरी एवं गंगा तट पर श्रद्धा रखने वाले पर्यटकों के लिए यहां दो दिन क्या 10 दिन भी कम हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार के चार साल के उपलब्धियों का बखान कर कहा कि चार साल का कार्य बेमिसाल है। पिछली सपा सरकार पर हमला बोल उन्होंने कहा कि अखिलेश सरकार में जनता भयभीत थी। अपराधियों का बोलबाला था। लेकिन आज चारों तरफ विकास का बोलबाला है। गंगा एक्सप्रेस वे और पूर्वांचल एक्सप्रेस वे योगी सरकार की बड़ी उपलब्धि है। पूरे प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण सड़कें यहां की पहचान बन चुकी हैं। एक सवाल के जबाब में उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 के चुनाव में समाजवादी पार्टी चाहे जितने भी गठबंधन कर ले, 100 में 60 फीसद हमारा है। शेष 40 फीसदी में बाकी सभी दल है। उस 40 फीसदी में भी कुछ हमारा है। पांच राज्यों में चुनाव से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि असम में हमारी सरकार है। बाकी राज्यों भी हम बहुमत में रहेंगे। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि इस बार बंगाल में भी हम 200 सीटें जीतकर सरकार बनाएंगे। ऐसा मुझे विश्वास है। वहां आठ चरणों में चुनाव होने हैं। सभी लोग निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/दीपक

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in