vindhya-corridor-will-write-the-story-of-prosperity-on-the-world-stage
vindhya-corridor-will-write-the-story-of-prosperity-on-the-world-stage

विश्व पटल पर समृद्धि की कहानी लिखेगा विंध्य कारिडोर

मीरजापुर, 09 फरवरी (हि.स.)। विंध्य क्षेत्र की माटी की अनुभूति अलौकिक है। जो भी यहां आता है, यहीं के रंग में रंग जाता है। आध्यात्मिक और पौराणिक स्थल विंध्यक्षेत्र में विश्वभर के लाखों लोग परम्परा और संस्कृति के अनुरूप अपनी आस्था को यहां मूर्तरूप देते हैं। सो अब विंध्याचल धाम बदलते स्वरूप में नजर आने लगा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट विंध्य कारिडोर से विध्य क्षेत्र का कायाकल्प किया जा रहा है। विंध्याचल स्थित मां विंध्यवासिनी धाम में परिक्रमा पथ के लिए भूमि खाली करा ली गई है। मंदिर के चारों तरफ 50 फीट का परिक्रमा पथ बनाने की योजना पर अमल शुरू हो गया है। ऐसे में कारिडोर निर्माण होने के बाद विध्यक्षेत्र विश्व पटल पर समृद्धि की अलग कहानी लिखेगा। विंध्य क्षेत्र सनातन संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए जाना जाता है, लेकिन यहां के प्राकृतिक सौंदर्य की भी अनदेखी नहीं की जा सकती। विंध्य क्षेत्र की गोद पहाड़ियों और वनों से भरी हुई है। ऐसे में विंध्य कारिडोर के साथ ही क्षेत्र के कायाकल्प का कार्य शुरू हो गया है। विंध्याचल धाम में मां विध्यवासिनी के दर्शन-पूजन के लिए आने वाले भक्तों को कारिडोर निर्माण पूरा होने से जाम से छुटकारा मिलेगा। विंध्याचल मंदिर के चारों ओर सकरी गलियां हैं और गलियों के किनारे दुकान व मकान से यहां आने वाले भक्तों को काफी मुश्किल होती रही है। भक्तों की परेशानी को देखते हुए सीएम योगी ने काशी विश्वनाथ की तर्ज पर विकास के लिए विंध्य कारिडोर योजना बनाई है। इस पर 331 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कारिडोर के अंतर्गत मंदिर के चारों तरफ परिक्रमा पथ बनाया जाएगा, जो 50 फीट चैड़ा व 51 फीट लंबा होगा। इसके अलावा अष्टभुजा व कालीखोह मंदिर के सुंदरीकरण के साथ त्रिकोण को भी सजाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार अक्टूबर 2021 तक विध्य कारिडोर मूर्त रूप ले लेगा। सब कुछ ठीक रहा तो जल्द ही भव्य व सुंदर विंध्यधाम देखने को मिलेगा। सिटी मजिस्ट्रेट विनय कुमार सिंह ने बताया कि परिक्रमा पथ 50 फीट खाली करा लिया गया है। इसके बाद मंदिर की ओर जाने वाली गलियों का चैड़ीकरण किया जाएगा। कारिडोर बनने के बाद मां विध्यवासिनी के भव्य मंदिर में दर्शन-पूजन में श्रद्धालुओं को खासी राहत होगी। फरवरी में सीएम कर सकते हैं शिलान्यास विंध्य कारिडोर के शिलान्यास की घड़ी नजदीक आ गई है। फरवरी में ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कारिडोर का शुभारंभ कर सकते हैं। उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह के भी आने की चर्चा है। सदर विधायक रत्नाकर मिश्र ने बताया कि मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने जल्द विध्याचल आने के लिए कहा है। हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in