varanasi-district-panchayat-president39s-chair-in-bjp39s-court-candidate-poonam-maurya-won-unopposed
varanasi-district-panchayat-president39s-chair-in-bjp39s-court-candidate-poonam-maurya-won-unopposed

वाराणसी: जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी भाजपा के पाले में, प्रत्याशी पूनम मौर्य निर्विरोध जीती

- सपा प्रत्याशी चंदा यादव का नामांकन खारिज, कार्यकर्ता आक्रोशित वाराणसी,27 जून (हि.स.)। वाराणसी जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा समर्थित प्रत्याशी पूनम माैर्य निर्विरोध निर्वाचित हो गई है। निर्वाचित होने की घोषणा अभी नही हुई है। समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी चंदा यादव का नामांकन पत्र अवैध नोटरी की वजह से देर शाम खारिज कर दिया गया। दोनों दल की प्रत्याशी ने दो-दो सेट में पर्चा दाखिल किया था। जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी चंदा यादव का पर्चा खारिज कर दिया गया है। जिलाधिकारी के अनुसार दोनों प्रत्याशी की ओर से दो-दो सेट में पर्चा दाखिल किया गया था। दोनों पक्षों ने नोटरी अधिवक्ताओं की वैधता के बारे में लिखित आपत्ति दाखिल की। दोनों की ओर से जवाब देने के लिए दो घंटे का लिखित समय मांगा गया। समय दिया गया। शाम 6.30 बजे पुन: जांच शुरू हुई। जिसमें दोनों पक्षों ने अपना पक्ष रखा। स्क्रूटनी के उपरांत चंदा यादव के दोनों नामांकन पत्र अस्वीकृत हुए। जबकि पूनम मौर्य का एक नामांकन पत्र खारिज हुआ और एक वैध मिला। इस प्रकार विधिवत रूप से एक ही प्रत्याशी पूनम मौर्य का नामांकन वैध पाया गया। सपा प्रत्याशी का पर्चा खारिज होने की संभावना पार्टी के कार्यकर्ता नामांकन के बाद से ही जता रहे थे। इसको लेकर जिला मुख्यालय पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। प्रदेश सरकार के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी के साथ सोशल मीडिया पर भी मोर्चा खोल दिया। यह देख वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ता भी सपा के विरोध में नारेबाजी करने लगे। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के आमने सामने होने से हंगामा बढ़ता देख जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा भी मौके पर फोर्स के साथ पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझा-बुझाकर वहां से हटाया। भाजपा समर्थित प्रत्याशी पूनम मौर्य के निर्विरोध निर्वाचित होने पर रविवार को भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक अलसुबह से ही उन्हें बधाई देते रहे। वहीं, सपा के कार्यकर्ता सरकार पर जमकर निशाना साधते रहे। पार्टी के प्रवक्ता और पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी ने कहा कि वाराणसी में एमएलसी, पंचायत चुनावों में मुंह की खाने के बाद, सपा को मिल रहे अपार जनसमर्थन से घबराई भाजपा सरकार ने यूपी में जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचन प्रक्रिया का अपहरण कर लिया है। उन्होंने सोशल मीडिया में तस्वीर पेशकर कहा कि वाराणसी जिला पंचायत अध्यक्ष के नामांकन स्क्रूटनी रूम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर की मौजूदगी बहुत कुछ कहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता के दम पर चुनाव जीतना चाहती है। कांग्रेस के नेता संजीव सिंह ने भी सोशल मीडिया पर लिखा कि इस स्थिति को क्या कहेंगे।उधर,भाजपा के महानगर अध्यक्ष विद्वया सागर राय ने पार्टी के समर्थित प्रत्याशी के निर्विरोध निर्वाचन पर हर्ष जताया है। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in