up-bjp-working-committee-meeting-on-monday-rajnath-singh-will-inaugurate
up-bjp-working-committee-meeting-on-monday-rajnath-singh-will-inaugurate

उप्र भाजपा कार्यसमिति की बैठक सोमवार को, राजनाथ सिंह करेंगे उद्घाटन

लखनऊ, 14 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक सोमवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होगी। पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व देश के वर्तमान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बैठक का उद्घाटन करेंगे जबकि समापन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह करेंगे। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पूर्व रविवार को पार्टी के राज्य मुख्यालय पर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक सम्पन्न हुई। पार्टी के प्रदेश महामंत्री व सदस्य विधान परिषद अश्वनी त्यागी ने बताया कि आज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में हुई प्रदेश पदाधिकारी की बैठक में कल होने वाली प्रदेश कार्यसमिति के ऐजेण्डे पर चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि कार्यसमिति की बैठक को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो गई है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पूरे शहर को पार्टी के झण्डे, बैनर व होर्डिगों से सजाते हुए कार्यसमिति में आने वाले प्रतिनिधियों के स्वागत व अभिनंदन की तैयारी की गई है। रविवार को दिन भर कार्यसमिति के बैठक स्थल इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान से लेकर पार्टी कार्यालय गोमतीनगर, लोहिया पार्क, हजरतगंज, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट सहित राजधानी के सभी मुख्य मार्गो व चैराहों को पार्टी के झण्डें-बैनरों से सजाया गया है। राजधानी में प्रवेश के लिए बने सभी मुख्य मार्गो पर भी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा झण्डे व बैनर, होर्डिग लगाई गई है। पार्टी ने कार्यसमिति की बैठक में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो इसके लिए पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के अलग-अलग समूह बनाकर उन्हें जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। कार्यसमिति स्थल पर पार्टी के सभी 6 संगठनात्मक क्षेत्रों अवध, काशी, पश्चिम, ब्रज, गोरखपुर और कानपुर-बुन्देलखण्ड से आने वाले प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों के पंजीकरण के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई है। साथ ही भोजन, पेयजल, मंच व्यवस्था व मीडिया की व्यवस्था के लिए भी अलग-अलग जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं को दी गई है। आवास व परिवहन के लिए भी पार्टी द्वारा विशेष प्रबंध किये गये है। आवश्यकता पड़ने पर कार्यकर्ताओं को चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए कार्यसमिति स्थल पर हेल्थ कैम्प का प्रबंध भी पार्टी द्वारा किया गया है। आज की बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के अलावा प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल और अन्य पदाधिकारी व क्षेत्रीय अध्यक्ष सम्मलित हुए। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की सत्तारुढ़ भाजपा करीब दो साल बाद प्रदेश कार्यसमिति की बैठक करने जा रही है। पिछली बैठक करीब दो साल पहले वर्ष 2018 में मेरठ में हुई थी। पार्टी का कहना है कि कोरोना के चलते कार्यसमिति की बैठक पिछले साल नहीं हो सकी थी। सोमवार को हो रही प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पांच सौ से अधिक प्रतिनिधियों की उपस्थिति के आसार हैं। इस दौरान पार्टी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों की रणनीति तय करेगी। प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत के चुनाव होने वाले हैं। अगले वर्ष प्रदेश विधानसभा के भी चुनाव हैं। इसके अलावा 15 मार्च के ठीक चार दिन बाद प्रदेश में योगी सरकार के चार साल भी पूरे हो रहे हैं। ऐसे में सत्तारुढ़ दल के प्रदेश कार्यसमिति की इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। कार्यसमिति की बैठक से पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने गुरुवार को पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की भारी-भरकम टीम घोषित की। करीब साढ़े चार सौ सदस्यों की इस टीम में 323 सदस्य, 94 विशेष आमंत्रित सदस्य और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा कई केंद्रीय मंत्रियों सहित 28 स्थाई आमंत्रित सदस्य मनोनीत किया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/ पीएन द्विवेदी

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in