up-and-missed-frontline-personnel-to-run-mopup-rounds-on-22-and-25
up-and-missed-frontline-personnel-to-run-mopup-rounds-on-22-and-25

उप्र: छूटे हुए फ्रंटलाइन कर्मियों के लिए 22 व 25 को चलाया जाएगा मॉपअप राउंड

-स्वास्थ्य कर्मियों को अब पहली डोज के लिए नहीं मिलेगा कोई मौका -प्रदेश में कोरोना के 104 नये मरीज मिले, 165 हुए स्वस्थ लखनऊ, 19 फरवरी (हि.स.)। प्रदेश में कोरोना टीकाकरण का कार्य जारी है। सभी जनपदों में शुक्रवार को स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन की दूसरी डोज दी जा रही है। इसके अलावा जो स्वास्थ्य कर्मी छूट गए थे, उनको आज आखिरी अवसर देते हुए मॉपअप राउंड चलाया जा रहा है। इसके बाद अब स्वास्थ्य कर्मियों को पहली डोज के लिए टीकाकरण का कोई मौका नहीं दिया जाएगा, क्योंकि उनकी दूसरी डोज लगाने का कार्य भी प्रारंभ हो चुका है। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने शुक्रवार को बताया कि वहीं फ्रंटलाइन वर्कर्स को भी पहली डोज देने का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। लेकिन, जो लोग छूट गये हैं, उनके लिए 22 फरवरी को एक मॉपअप राउंड चलाया जाएगा। इसके बाद जब 25 फरवरी को हेल्थ केयर वर्कर्स को दूसरी डोज लगाई जाएगी उस दिन भी फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए एक छोटा मॉपअप राउंड चलाया जाएगा, जिसमें बचे हुए कुछ लोगों को अवसर प्रदान किया जाएगा। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने बताया कि प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में कोरोना संक्रमण के 104 नये मामले सामने आये हैं। इसी दौरान 165 मरीज स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किए गए। नये मरीजों की तुलना में स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या लगातार अधिक बनी हुई है। इस वजह से प्रदेश में कोविड-19 का रिकवरी 98.1 प्रतिशत से अधिक चल रहा है। राज्य में अब सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 2,521 हो गई है। उन्होंने बताया कि कुल एक्टिव मामलों में से 647 लोग होम आइसोलेशन में हैं। इसके अतिरिक्त शेष मरीज निजी चिकित्सालयों और एल-2 तथा एल-3 के सरकारी अस्पतालों में अपना इलाज करा रहे हैं। प्रदेश में कल एक दिन में कुल 1,36,180 सैम्पल की जांच की गयी। वहीं अब तक कुल 3,01,73,226 सैम्पल की जांच की गयी है। प्रदेश में अब तक 5,91,359 लोग कोविड-19 से ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ई-संजीवनी के माध्यम से चौबीस घंटे में 4,499 लोग तथा अब तक कुल 5,31,035 लोगों ने चिकित्सीय परामर्श लिया। प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 1,85,364 क्षेत्रों में 5,11,526 टीम दिवस के माध्यम से 3,14,67,407 घरों के 15,28,08,232 जनसंख्या का सर्वेक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि कुछ राज्यों में महाराष्ट्र और केरल में कोरोना के लगातार बहुत ज्यादा मामले आ रहे हैं। ऐसे में अगर प्रदेश में भी असावधानी बरती गई तो यहां भी मामले फिर से बढ़ सकते हैं। इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतें। हिन्दुस्थान समाचार/संजय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in