two-lakh-devotees-prayed-on-vasant-panchami-in-vindhyachal
two-lakh-devotees-prayed-on-vasant-panchami-in-vindhyachal

विंध्याचल में वसन्त पंचमी पर दो लाख श्रद्धालुओं ने टेका माथा

-दर्शनार्थियों ने कराए यज्ञोपवीत व मुडंन संस्कार मीरजापुर, 16 फरवरी (हि.स.)। गुप्त नवरात्रि एवं माघ शुक्ल की वसन्त पंचमी के अवसर पर लगभग दो लाख श्रद्धालुओं ने मां विंध्यवासिनी का दर्शन पूजन कर आशीष मांगा। माता के दर्शन पूजन करने आए भक्तों के जयकारे से समूचा धाम गुंजायमान रहा। विंध्य पंडा समाज ने दर्शनार्थियों को दर्शन पूजन कराया। पुलिस प्रशासन सुरक्षा के मद्देनजर मुस्तैद रहा। मंदिर की छत पर बच्चों का मुंडन संस्कार कराने वाले भक्तों का तांता लगा रहा। इस दौरान शहनाई व नगाड़े बजते रहे। गंगा घाटों पर भोर से ही स्नानार्थियों का रेला लगा रहा। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने माला, फूल, नारियल, चुनरी आदि लेकर कतारबद्ध होकर दर्शन किया। किसी ने गर्भ गृह तो किसी ने झांकी से मां का दर्शन किया। इस शुभ घड़ी में लोगों ने यज्ञोपवीत व मुडंन संस्कार कराए। कॉरिडोर निर्माण के चलते कोतवाली रोड से विंध्यवासिनी मंदिर तथा मंदिर से दीवान घाट तक जाने वाले मार्ग पर बने गड्ढों के कारण दर्शनार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मां विंध्यवासिनी का दर्शन करने के बाद भक्तों ने परिसर में विराजमान सभी देवी देवताओं के दर्शन किए। इस अवसर पर लोगों ने त्रिकोण परिक्रमा कर मां काली, अष्टभुजा व मां तारा देवी का दर्शन पूजन कर सुख समृद्धि की कामना की। भक्तों ने लगाई आस्था की डुबकी विंध्यधाम में गंगा घाटों पर सुबह से ही भक्त आस्था की डुबकी लगाते रहे। वसन्त पंचमी के दिन गंगा में स्नान करना बेहद फलदायी माना जाता है। मंगलवार के दिन वसन्त पंचमी का पर्व पड़ने से इसका महत्व कई गुना अधिक बढ़ गया है। साधकों की होती है साधना पूरी ऐसी मान्यता है कि वसन्त पंचमी के दिन मां सरस्वती की आराधना करने से साधकों की साधना पूरी होती है। वहीं विद्यार्थियों को मां का आशीर्वाद प्राप्त होता है और उन्हें ज्ञान के साथ सफलता की प्राप्ति होती है। सुरक्षा व्यवस्था के चाक चौबंद इंतजाम वसन्त पंचमी के पर्व जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के चाक चौबंद इंतजाम किए। अनुमान के मुताबिक लगभग दो लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में डूबकी लगाकर मां विंध्यवासिनी का दर्शन-पूजन किया। विंध्य क्षेत्र में घाटों पर बैरिकेडिंग के साथ ही पुलिस तैनात रही। हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/संजय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in