परिवहन निगम यात्रियों की संख्या बढ़ने पर चलाएगा 3,463 अतिरिक्त बसें
परिवहन निगम यात्रियों की संख्या बढ़ने पर चलाएगा 3,463 अतिरिक्त बसें

परिवहन निगम यात्रियों की संख्या बढ़ने पर चलाएगा 3,463 अतिरिक्त बसें

लखनऊ, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) ने रोड टैक्स से बचने के लिए 2,683 बसों को सड़क से हटाकर आरटीओ में सरेंडर कर दिया है। अब जुलाई महीने में यात्रियों की संख्या जून माह की अपेक्षा बढ़ने पर 3,463 बसें अतिरिक्त चलाई जाएंगी। परिवहन निगम के प्रबन्ध निदेशक डॉ. राजशेखर ने शुक्रवार को बताया कि अनलॉक-2 में यात्रियों की संख्या बढ़ी तो 3,463 बसें अतिरिक्त चलायी जाएंगी। परिवहन निगम ने अतिरिक्त रोड टैक्स से बचने के लिए प्रदेश के विभिन्न आरटीओ में 2,683 बसों को सरेंडर कर दिया है। इससे परिवहन निगम ने तकरीबन 2.75 करोड़ का टैक्स बचाया है। फिलहाल परिवहन निगम के बेड़े में 12,147 बसे हैं। इनमें 9,463 बसें परिवहन निगम की हैं और 2,684 अनुबंधित बसें हैं। गत 30 जून तक एक दिन में अधिकतम 6,000 बसों का संचालन किया गया था। 30 जून को 6,000 रोडवेज बसों से करीब 09 लाख यात्रियों ने सफर किया था। जो ये दिखा रहा है कि रोडवेज बसों के प्रति यात्रियों का रुझान लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त रोड टैक्स से बचने के लिए अनलॉक-2 में भी सीमित बसों का संचालन किया जा रहा है। रोडवेज बसों का आरटीओ में सरेंडर करने के बाद अभी 9,464 बसें परिवहन निगम के बेड़े में संचालन के लिए बची हैं इसलिए यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों की कमी नहीं होने दी जाएगी। फिलहाल इस महीने बसों के संचालन की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद आरटीओ में सरेंडर की गई बसों के संचालन करने या नहीं करने के बारे में निर्णय किया जाएगा। गौरतलब है कि परिवहन निगम की करीब 12,000 बसों से लॉकडाउन के पहले करीब 16-17 लाख यात्री प्रतिदिन सफर करते थे। इससे परिवहन निगम के खाते में 14-15 करोड़ रुपये जमा होते थे। फिलहाल पहले के मुकाबले रोडवेज बसों से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या अभी आधी हुई है। इसलिए परिवहन निगम प्रबन्धन सीमित बसों का संचालन अनलॉक-2 में भी कर रहा है। हिन्दुस्थान समाचार/दीपक/संजय-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in