the-state-government-made-a-series-of-false-promises-on-the-go---akhilesh
the-state-government-made-a-series-of-false-promises-on-the-go---akhilesh

राज्य सरकार ने जाते-जाते झूठे वादों की झड़ी लगाई - अखिलेश

लखनऊ, 22 फरवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा आज राज्य विधान सभा में प्रस्तुत बजट पूरी तरह निराशाजनक और जनहित की घोर उपेक्षा करने वाला है। भाजपा ने अपने चरित्र के अनुसार इसमें जनता को गुमराह करने वाली घोषणाएं की है। राज्य सरकार ने जाते-जाते झूठे वादों की झड़ी लगाई है और किसानों, नौजवानों, महिलाओं तथा व्यापारियों सभी को धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के बजट से गरीबों को नहीं अमीर उद्योगपतियों को और ज्यादा लाभ मिलेगा। बढ़ती मंहगाई पर नियंत्रण का कोई संकेत नहीं है। इसलिए अब भाजपा का खेल खतम और पैसा हजम। अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री 'पेपर लेस' का बड़ा बखान कर रहे थे। लेकिन, हकीकत में यह भी नजर आया कि टेबलेट से बजट गायब हो गया और पहली बार ऐसा हुआ कि विधायकों को बजट की जानकारी सुनकर ही मिली। बजट में विकास की दिशा ही नदारद है। काम करने के बजाय जुमलेबाजी से काम चलाया जा रहा है। भाजपा जो वादे करती है, वह पूरा नहीं कर पाती है। उन्होंने कहा कि आज किसान संकट में है, वह परेशान है। डीजल-पेट्रोल की कीमते आसमान छू रही है। सरकार इनका मुनाफा कहां ले जा रही है, गंगा नहीं साफ हुई है। लेकिन, बजट साफ हो गया। बजट में गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के बारे में कोई घोषणा नहीं है। फसल की एमएसपी नहीं मिली। दुग्ध समितियों का दो साल से पैसा बकाया है, उसके भुगतान का कोई प्रावधान इस बजट में नहीं है। सरकार ने पूरी तरह ढोंगी बजट पेश किया है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के तमाम हो-हल्ले के बावजूद आधार संरचना के लिए कम राशि के आवंटन से स्पष्ट है कि सरकार जनहित की योजनाओं के बारे में कोई स्पष्ट दृष्टि नहीं रखती है। रोजगार के नए अवसर सृजित करने में भाजपा सरकार फेल हुई है। बढ़ती ऊर्जा की आवश्यकताओं को भाजपा ने बजट में अनदेखी की है। सामाजिक सुरक्षा के उपक्रमों पर ध्यान नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा कि सच तो यह है कि भाजपा सरकार के इस पेपर लेस बजट में किसान, मजदूर, युवा, महिला व कारोबारी किसी के भी हाथ कुछ नहीं आया, रह गए सबके हाथ खाली। भाजपा का ये 'विदाई बजट' सबको रुला गया है। इस बजट से जनता की परेशानियां कम नहीं होंगी, बल्कि भाजपा सरकार के खिलाफ लोगों का आक्रोश ज्यादा बढ़ेगा। हिन्दुस्थान समाचार/संजय

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in