swearing-in-ceremony-postponed-municipal-corporation-executive-members-uproar
swearing-in-ceremony-postponed-municipal-corporation-executive-members-uproar

शपथ ग्रहण समारोह स्थगित, नगर निगम कार्यकारिणी सदस्यों का हंगामा

मेरठ, 05 मार्च (हि. स.)। नगर निगम की कार्यकारिणी सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह शुक्रवार को अधिकारियों ने अचानक स्थगित कर दिया। इससे सकते में आये सदस्यों ने नगर निगम अधिकारियों पर सूचना ना देने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। नगर निगम की नवगठित कार्यकारिणी के 12 सदस्यों को शुक्रवार को शपथ दिलाई जानी थी। जिसके लिए टाउन हॉल में कार्यक्रम रखा गया था। इसी के साथ बोर्ड की बैठक भी प्रस्तावित थी। कार्यकारिणी सदस्य अब्दुल गफ्फार के मुताबिक, वह और उनके साथ रंजन शर्मा, इकराम बालियान, नाजरीन और सितारा बेगम निर्धारित समय पर टाउन हॉल में शपथ ग्रहण के लिए पहुंच गए। लेकिन, टाउन हॉल पर ताला लटका देख वह हैरान रह गए। इसी बीच मीडियाकर्मी भी कार्यक्रम की कवरेज के लिए पहुंचे। नगर निगम के किसी अधिकारी और महापौर सुनीता वर्मा के मौके पर ना पहुंचने पर मीडियाकर्मियों द्वारा अधिकारियों को फोन किया गया। जिसके बाद बताया गया कि आज का कार्यक्रम स्थगित हो गया है। मामले की जानकारी मिलते ही कार्यकारिणी सदस्यों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम स्थगित होने की सूचना सिर्फ भाजपा के कार्यकारिणी सदस्यों को दी गई। जिसके चलते अन्य सदस्यों को नाहक परेशानी का सामना करना पड़ा। कार्यकारिणी सदस्यों ने पूरे प्रकरण की शिकायत आला अधिकारियों से करने की चेतावनी दी है। हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in