शहीद सुल्तान की पत्नी बोली, उज्जैन से अपराधी  विकास दुबे की गिरफ्तारी समझ से परे
शहीद सुल्तान की पत्नी बोली, उज्जैन से अपराधी विकास दुबे की गिरफ्तारी समझ से परे

शहीद सुल्तान की पत्नी बोली, उज्जैन से अपराधी विकास दुबे की गिरफ्तारी समझ से परे

- सीबीआई जांच में निकलकर आएगा सामने गद्दार कौन झांसी, 09 जुलाई(हि.स.)। दो जुलाई की रात कानपुर में सीओ समेत आठ पुलिसकर्मियों को मौत के घाट उतारने वाले पांच लाख रुपये के ईनामी दुर्दांत अपराधी विकास दुबे की उज्जैन से गिरफ्तारी को कोई भी पचा नहीं पा रहा है। शहीद सुल्तान की पत्नी उर्मिला और उसके परिजनों ने इस पर सवाल उठाते हुए सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि सीबीआई जांच में ही निकलकर सामने आएगा कि विकास के मददगार और देश के गद्दार आखिर कौन लोग हैं? गुरुवार की सुबह मध्य प्रदेश पुलिस ने उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से यूपी में पांच लाख के इनामी विकास दुबे को गिरफ्तार कर लिया। उसकी गिरफ्तारी को प्रायोजित बताते हुए तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं। इसी क्रम में झांसी के भोजला गांव निवासी शहीद सिपाही सुल्तान सिंह की पत्नी को भी इस पर बड़ा अचरज हुआ। उन्होंने यह कहा कि अपराधी विकास दुबे अकेला नहीं है। इसमें तमाम लोग शामिल हैं जो उसकी मदद कर रहे हैं। वह यहां से भागकर वहां तक जा पहुंचा। वह पकड़ा नहीं गया बल्कि उसने स्वयं ही सरेंडर किया है। उन्होंने कहा कि जब यूपी की पुलिस की इतनी सारी टीमें उसके पीछे पड़ी थी,लेकिन उसे पकड़ना तो दूर उसकी भनक तक नहीं लग सकी। और आज सुबह वह उज्जैन पहुंचकर अपने आप यह बोलकर अपने को गिरफ्तार कराता है कि मैं विकास दुबे हूं कानपुर वाला। उसने कहा कि निश्चित ही उसके पीछे कई लोगों का हाथ है। इसकी सीबीआई जांच होनी चाहिए। उसी में यह निकलकर सामने आएगा कि आखिर उसके साथ और कौन-कौन मिलकर उसकी मदद कर रहा है। गौरतलब कानपुर में इतनी बड़ी घटना के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोपित विकास दुबे और उसके गुर्गों को जिंदा या मुर्दा दबोचने का फरमान जारी करते हुए पुलिस को खुली छूट दी थी। इस पर प्रदेश भर में एसटीएफ समेत पुलिस की 40 टीमें विकास व उसके गुर्गों को खोज निकालने में जुट गई थी। पुलिस को इसमें सफलता भी मिली। विकास के सबसे खास शूटर समेत पांच लोगों को एनकाउंटर में पुलिस ने मार गिराया था। हिन्दुस्थान समाचार/महेश/दीपक/राजेश-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in